28 जनवरी 2026,

बुधवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

छत पर बैठा बर्फीला उल्लू… दक्षिणी कैलिफोर्निया में 100 साल बाद आया नजर

एक झलक पाने के लिए घंटों का सफर तय करके यहां पहुंच रहे लोग

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Aryan Sharma

Dec 30, 2022

छत पर बैठा बर्फीला उल्लू... दक्षिणी कैलिफोर्निया में 100 साल बाद आया नजर

छत पर बैठा बर्फीला उल्लू... दक्षिणी कैलिफोर्निया में 100 साल बाद आया नजर

वॉशिंगटन. आर्कटिक का सफेद पंखों वाला बर्फीला उल्लू (Arctic snowy owl) 100 से भी अधिक साल में पहली बार दक्षिणी कैलिफोर्निया के एक घर की छत पर देखा गया। इस खूबसूरत पक्षी की एक झलक पाने के लिए पक्षी विज्ञानी और वन्यजीव प्रेमी घंटों की यात्रा करके यहां पहुंच रहे हैं और इसे अपने कैमरे में कैप्चर कर रहे हैं। यह दुनियाभर में मौजूद हजारों बर्फीले उल्लुओं में से एक है। इस दुर्लभ पक्षी को सप्ताहभर में कई बार एक छत से दूसरी छत पर फुदकते हुए देखा गया है।

जहाज पर बैठकर आने की संभावना
बर्फीले उल्लू ने 2000 मील (करीब 3219 किमी) की यात्रा कैसे की, यह रहस्य बना हुआ है। कुछ लोगों का अनुमान है कि यह एक जहाज पर बैठकर आया है या फिर किसी कैद से बच निकला है। बर्फीले उल्लू सबसे बड़े उत्तर अमरीकी उल्लू हैं जो अपना अधिकांश समय आर्कटिक और सर्दियों में कनाडा व अलास्का में बिताते हैं। लेकिन, दक्षिणी कैलिफोर्निया तक शायद ही कभी पहुंचते हों। विशेषज्ञ मान रहे हैं कि यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो इसके यहां मार्च तक रहने की संभावना है।

आइयूसीएन की रेड लिस्ट में शामिल
दक्षिणी कैलिफोर्निया में बिजली के तारों और पवन चक्कियों से इसे नुकसान होने की आशंका है। वहीं स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि वे पक्षी की उपस्थिति के बारे में जानते हैं, मगर फिलहाल इसे पकड़ने या स्थानांतरित करने की कोई योजना नहीं है। वर्ष 2013 में बर्फीले उल्लुओं की आबादी लगभग दो लाख थी, जो घटकर 28 हजार ही रह गई है। वर्ष 2018 में इन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (आइयूसीएन) की रेड लिस्ट में 'कमजोर' के रूप में सूचीबद्ध किया गया था।

जलवायु परिवर्तन से आबादी पर असर
बर्फीले उल्लुओं की आबादी का अनुमान लगाना हमेशा मुश्किल रहा है। शिकार की उपलब्धता के आधार पर इनकी संख्या में उतार-चढ़ाव होता है। जलवायु परिवर्तन के कारण आर्कटिक में बर्फ के पिघलने से इनका जीवन प्रभावित हो रहा है। अमरीका स्थित उल्लू अनुसंधान संस्थान के अनुसार, वर्ष 1995 में अलास्का का उटकियागविक शहर, जो कि बर्फीले उल्लुओं के लिए शीर्ष प्रजनन स्थल है, वहां इनके 54 घोंसले थे, वर्ष 2006 में ये 38 रह गए और इस साल इनकी संख्या सिर्फ सात ही थी।