8 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan Politics : सीएम OSD लोकेश शर्मा भी लड़ेंगे चुनाव, एक नहीं- इन दो सीटों से जताई दावेदारी

Rajasthan Assembly Election 2023 : ओएसडी शर्मा ने अपने नाम को लेकर दावेदारी भले ही जता दी है, लेकिन टिकट पाने में सफल हो पाना उनके लिए आसान नहीं होगा। वजह उनकी चाह वाली सीट पर अन्य वरिष्ठ नेताओं की दावेदारी है।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Nakul Devarshi

•

Updated: 25 Aug 2023, 3:03 PM IST

CM Ashok Gehlot OSD Lokesh Sharma to contest Rajasthan Election 2023

जयपुर।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के विशेषाधिकारी ( ओएसडी ) लोकेश शर्मा भी इस बार के विधानसभा चुनाव में अपनी किस्मत आज़माना चाह रहे हैं। दिलचस्प बात ये है कि शर्मा ने चुनाव लड़ने के लिए एक नहीं, बल्कि दो विधानसभा सीटों से दावेदारी ठोकी है। ऐसे में देखना दिलचस्प रहेगा कि क्या शर्मा को पार्टी टिकट देकर चुनाव मैदान में उतारती है या नहीं। यदि ऐसा होता है तो सीएम ओएसडी पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ते दिखेंगे।

ओएसडी शर्मा ने ब्लॉक कमेटियों की बैठकों में अपने नाम को लेकर दावेदारी भले ही जता दी है, लेकिन टिकट पाने में सफल हो पाना उनके लिए आसान नहीं होगा। वजह उनकी चाह वाली सीट पर अन्य वरिष्ठ नेताओं की दावेदारी है।

ये भी पढ़ें : ... तो सीएम गहलोत के सामने चुनाव लड़ेंगे BJP के गहलोत, जानें क्यों बन रही दिलचस्प संभावना?

दो सीटों से दावेदारी ठोकी

सीएम ओएसडी लोकेश शर्मा ने बीकानेर शहर की दोनों विधानसभा सीटों पूर्व और पश्चिम से टिकट के लिए ब्लॉक कमेटी की बैठक में आवेदन दिया है। अब चुनौती उनके सामने ये है कि बीकानेर पश्चिम से जहां वे दावेदारी जता रहे हैं वहां से सीएम गहलोत के खासमखास मंत्री और मौजूदा शिक्षा मंत्री डॉ बीडी कल्ला भी प्रबल दावेदार हैं। कल्ला पहले दिन ही अपनी वर्तमान सीट से आवेदन कर चुके हैं। इस सीट पर 18 दावेदार टिकट मांग रहे हैं।

इसी तरह से बीकानेर पूर्व सीट पर अब तक 38 नेता टिकट के लिए आवेदन कर चुके हैं। इनमें पिछले चुनाव में हार चुके नेता, महापौर व न्यास अध्यक्ष रहने जैसे अनुभवी नेता, जिलाध्यक्ष से लेकर पार्टी में प्रदेश स्तर तक के पदाधिकारी शामिल हैं। ऐसे में बीकानेर पूर्व और पश्चिम विधानसभा सीटों को मिलाकर अब तक कुल 56 आवेदन आए हैं।

ये भी पढ़ें : सीएम गहलोत ने 'मिशन चंद्रयान' की सफलता पर नेहरू-इंदिरा को क्यों याद किया ?

इधर चुनाव लड़ने के लिए आवेदन करने की मियाद अब 27 अगस्त तक जिला स्तर पर करने की रहेगी। ऐसे में यह अभी और आंकड़ा बढ़ भी सकता है।

गहलोत-डोटासरा-डूडी की सीट पक्की!

विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस में उम्मीदवार बनने के इच्छुक नेताओं ने दौड शुरू कर दी है। पार्टी के बडे़ नेताओं की सीटों पर अन्य दावेदार भी सामने आए हैं तो कुछ नेता ऐसे भी हैं जहां वे अकेले ही दावेदार है। लक्ष्मणगढ़ सीट पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के अलावा किसी ने आवेदन नहीं किया। डोटासरा तीन बार से लगातार विधायक हैं।

इसी तरह बीकानेर की नोखा सीट से विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता रहे रामेश्वर डूडी ने टिकट मांगा है। उन्होंने ब्लॉक की बैठक में आवेदन भी कर दिया है। इस सीट पर भी अभी तक अन्य किसी कांग्रेसी ने आवेदन नहीं किया है। डूडी पिछली बार इस सीट पर मात खा गए थे।

गहलोत की सीट पर एक भी नहीं आवेदन

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सीट सरदारपुरा पर एक भी आवेदन नहीं आया है। ब्लॉक कांग्रेस ने गहलोत के नाम की सिफारिश भेज दी। वहीं पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट की सीट पर अब तक 18 नेताओं ने आवेदन किए हैं। यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल की सीट पर वे खुद और उनके पुत्र ने टिकट मांगा है।

इस तरह से फाइनल होने हैं नाम

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार सोमवार से बुधवार तक सभी ब्लॉक अध्यक्षों को बैठकें करने के लिए कहा गया था। इसमें कार्यकारिणी, पीसीसी व डीसीसी पदाधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित की गई थी। बंद लिफाफे में टिकट के दावेदारों से आवेदन मांगे गए। ब्लॉक को इस कार्यवाही विवरण को 24 अगस्त तक डीसीसी को सौंपने के निर्देश दिए गए। इसके बाद प्रदेश चुनाव समिति के दो-दो सदस्यों की मौजूदगी में सभी जिला कांग्रेस कमेटियों की बैठक करने के निर्देश रहे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए तीन से पांच आवेदकों का पैनल तैयार किया जा रहा है, जिसे 30 अगस्त तक पीसीसी के पास जमा कराना है। इसके बाद पीसीसी के पदाधिकारी छानबीन कर दो से तीन नाम का पैनल रखेंगे। इसके बाद प्रदेश चुनाव समिति मंथन कर टिकट के लिए नाम फाइनल करेगी।