CNG Price Cut In Rajasthan : सीएनजी की कीमतों में कटौती से इसकी खपत बढ़ेगी जिससे प्रदूषण कम होगा और लोगों को भी आर्थिक फायदा होगा। वहीं, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कब कटौती होगी, लोग इसका भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
CNG Price Cut In Rajasthan : राजस्थान सरकार के उपक्रम राजस्थान स्टेट गैस (आरएसजीएल) द्वारा कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) स्टेशनों पर आम नागरिकों को ढाई रुपए किलोग्राम सस्ती सीएनजी गैस उपलब्ध होगी। आरएसजीएल की चेयरपर्सन आनन्दी ने बताया कि आरएसजीएल ने तत्काल प्रभाव से नई दरें लागू कर आम नागरिकों को राहत प्रदान कर दी है। उन्होंने बताया कि सीएनजी पेट्रोल की तुलना में करीब 45 प्रतिशत और डीजल की तुलना में लगभग 15 प्रतिशत सस्ती होती है।
आरएसजीएल के प्रबंध निदेशक रणवीर सिंह ने बताया कि आरएसजीएल द्वारा नई दरों के अनुसार अब कोटा में आम नागरिकों को कंप्रेस्ड नेचुरल गैस सीएनजी में 2.50 रुपए प्रति किलो की राहत देते हुए अब 92 रुपए 40 पैसे प्रति किलोग्राम उपलब्ध होगी। सीएनजी की कीमतों में कटौती से इसकी खपत बढ़ेगी जिससे प्रदूषण कम होगा और लोगों को भी आर्थिक फायदा होगा। वहीं, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कब कटौती होगी, लोग इसका भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।