जयपुर

जयपुर में कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन 23 सितंबर को,खरगे-राहुल करेंगे संबोधित

जयपुर के मानसरोवर में कांग्रेस के नए भवन का भी करेंगे शिलान्यास, गांधी वाटिका का भी होगा लोकार्पण, 60 हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं के जुटने का दावा

less than 1 minute read
Sep 22, 2023

जयपुर। विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने में जुट गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरने और जीत का मंत्र देने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को जयपुर दौरे पर आ रहे हैं, जहां वे प्रदेश कांग्रेस की ओर से आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। साथ ही मानसरोवर में बनने वाले प्रदेश कांग्रेस के नए भवन का शिलान्यास भी करेंगे।

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार दोपहर 12 बजे जयपुर पहुंचेंगे और मानसरोवर स्थित वीटी रोड ग्राउंड में कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत करेंगे। सम्मेलन में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट, प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा सहित कई अन्य नेता भी शामिल होंगे।

कार्यकर्ता सम्मेलन में 52 हजार बूथ अध्यक्ष, 2300 मंडल अध्यक्ष, 400 ब्लॉक अध्यक्ष, 39 जिलाध्यक्ष, प्रदेश कार्यकारिणी, अग्रिम संगठन और विभाग- प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं को भी आमंत्रित किया गया है। इसके बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी शाम 4 बजे सेंट्रल पार्क स्थित गांधी वाटिका लोकार्पण कर उसका अवलोकन करेंगे।

डेढ़ माह में राहुल का दूसरा दौरा
इधर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का डेढ़ माह में ही दूसरा प्रदेश दौरा है। इससे पहले राहुल गांधी 9 अगस्त को बांसवाड़ा के मानगढ़ धाम में सभा को संबोधित करने आए थे तो वहीं कांग्रेस अध्यक्ष खरगे भी इसी माह 6 सितंबर को भीलवाड़ा के गुलाबपुरा में जनसभा को संबोधित करने आए थे। इसके अलावा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी 10 सितंबर को निवाई में जनसभा को संबोधित करने आई थीं।

Published on:
22 Sept 2023 09:40 pm
Also Read
View All

अगली खबर