जयपुर। तनाव लोगों के दिनचर्या में शामिल हो गया है। जीवन को तनाव व चिंता से मुक्त बनाने को लेकर ग्रेटर नगर निगम जयपुर की ओर से योग महोत्सव मनाया जा रहा है। इसी के तहत आज सुबह वार्ड 115 के प्रतापेश्वर महादेव मंदिर पार्क में योग महोत्सव के तहत योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने योगाभ्यास किया।
नगर निगम ग्रेटर और पतंजलि योग समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित योग शिविर में योगाचार्य ने योगाभ्यास करवाया। इस दौरान उन्होंने तनाव मुक्त जीवन जीने के उपाय भी बताए। महापौर ने बताया कि ग्रेटर निगम के हर वार्ड में योग शिविर लगाए जा रहे है। निगम क्षेत्र के हर वार्ड, हर कॉलोनी, पार्क आदि को योगमय बनाने के लिए महोत्सव का आयोजन शुरू हुआ। इन योग शिविरों में युवा, बुजुर्ग, बच्चे, गृहणियां जुड़ रहे है। इस दौरान योग गुरु ने योग के फायदे बताए।