जयपुर। नियमित तौर पर योग करने से दिमाग को शांति मिलती है और तनाव कम होता है. लेकिन योग करते समय कुछ बातें ध्यान में रखना बेहद जरूरी होता है। ऐसी कौनसी बातें हैं, जिन्हें योग करते समय नियमों की तरह मानना चाहिए। जानते हैं इस रिपोर्ट में
अपनी काया को निरोगी रखने के लिए योग कितना जरूरी है,ये अब विज्ञान भी मान चुका है। दुनियाभर के लोग अब योग को जीवन का हिस्सा बनाने लगे हैं। कुछ लोग योग क्लासेज जा रहे हैं तो कुछ घर पर ही इसे दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं। अब लोगों में स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ी है। यही वजह है कि फिट और स्वस्थ रहने के लिए आजकल हर जगह हेल्थ-क्लब्स, स्कूल्स और अस्पतालों में भी योग करवाया जा रहा है। जैसे हर व्यायाम के कुछ नियम होते हैं वैसे योग करने के भी कुछ नियम होते हैं। जिनकी जानकारी होना बेहद जरूरी है। अगर आप योगासन का पूरा फायदा उठाना चाहते हैं तो इन नियमों का पालन करना चाहिए। इसके लिए कुछ खास नियम और समय का पालन करने से स्वस्थ तन और सुंदर मन मिलता है। हमारी सबसे प्रचान पद्धतियों में से एक योग अभ्यास के प्रति अब पूरी दूनिया में चर्चा हो रही है।
— हम जिम जाते हैं तो एक्सरसाइज से पहले खुद को वार्मअप करते हैं, ठीक उसी तरह योग से पहले भी आपको वार्मअप करना चाहिए। योग अभ्यास करने से पहले आपको भी वार्मअप करना चाहिए, ताकि आपका शरीर लचिला बन जाए। योगासन खुली और ताजी हवा में करना सबसे अच्छा माना गया है। फिर भी अगर ऐसा करना संभव न हो तो, किसी भी खाली जगह पर आसन करें।
— अगर आप योग करने की शुरूआत करने जा रहे हैं तो सबसे पहले हल्के फुल्के योग करने चाहिए। पहली ही बार में कठिन योगासन ट्राई न करें। इससे आपके शरीर और मांसपेशियों को नुकसान पहुंच सकता है।
— योगासन कभी भी खाना खाने के तुरंत बाद नहीं करना चाहिए। हालांकि योगा का समय सुबह या शाम हो सकता है लेकिन जब भी करें भोजन और योग में कुछ घंटों का गैप होना चाहिए। खाने के करीब 3 घंटे बाद करना चाहिए। हालांकि सुबह के समय कुछ हल्के फुल्के योगा खाली पेट किए जा सकते हैं। केवल वज्रासन ही ऐसा योग है, जिसे भोजन करने के कुछ देर बाद करना ज्यादा नुकसान नहीं करता।
— योग के बेहतर परिणाम चाहिए तो सुबह सूरज निकलने से पहले और शाम को सूरज डूबने के बाद योग करें। अगर किन्हीं कारणों से दिन में योगा करने का समय नहीं मिला तो शाम को हल्के नाश्ते के बाद योग किया जा सकता है।
— योग करने के लिए एकांत जरूरी है। इसमें ध्यान को केंद्रित रखना बहुत जरूरी है। तेज म्यूजिक और हंसी मजाक के माहौल में किया गया योग नुकसानदेह हो सकता है।
— योग करते समय शरीर में तापमान बढ़ जाता है और ऐसे में ठंडा पानी पीने से सर्दी जुकाम औऱ अन्य शारीरिक दिक्कतें हो सकती हैं। इसलिए अगर प्यास लगे तो सादा पानी पीएं या योग के बाद ही पानी पिएं।
—अगर आप योग करने के तुरंत बाद नहाने चले जाते हैं तो ये गलत है। योग करने के दौरान शरीर की गतिविधियों के चलते शरीर गर्म हो जाता है और तुरंत बाद नहाने से तापमान में एकाएक परिवर्तन से शरीर को कई तरह के नुकसान पहुंचते हैं। योग करने के बाद कम से कम एक घंटा रेस्ट करना चाहिए औऱ उसके बाद ही नहाना चाहिए।
— बीमार हैं तो योग न करें। कई बार बीमारी के दौरान योग करने से बीमारी और बढ़ सकती है। वहीं गर्भवती महिलाओं को भी योग नहीं करना चाहिए।
— आजकल मोबाइल पर देखकर योग सीखने का चलन बढ़ रहा है। यह गलत हो सकता है। आप योग सीखना चाहते हैं तो किसी योग गुरू से मिले।