जयपुर. हर लड़की का सपना होता है कि उसकी शादी परियों की कहानी की तरह उसके सपनों के राजकुमार से हो, जिसमें उसके करीबी दोस्त, शुभचिंतक और पूरा परिवार मौजूद रहे। चूंकि टेलीविजन हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन गया है तो एक सपना यह भी होता है कि जब आप शादी के सात वचन ले रहे हों तो आपके पसंदीदा सितारे भी आपके साथ मौजूद रहें। कुछ ऐसा ही सपना उत्तर प्रदेश की प्रिया सिंह और उत्तराखंड के सनी कक्कड़ का रहा, जो पूरा भी हुआ है। दरअसल, प्रिया और सनी ने एक एंटरटेनमेंट चैनल से संपर्क करके यह निवेदन किया कि उनकी शादी में उनके पसंदीदा शो 'कुमकुम भाग्य' के अभि (शब्बीर अहलुवालिया) और प्रज्ञा (श्रीति झा) भी आएं तो चैनल ने फैसला किया इस जोड़े के सपनों को हकीकत में बदला जाए। लिहाजा अब टीवी पर इनकी शादी में न सिर्फ अभि और प्रज्ञा की मौजूदगी दिखेगी, बल्कि चैनल से जुड़े सभी सितारे इस जश्न में शामिल होकर वर-वधु को आशीर्वाद देते भी दिखेंगे। इस अनूठी पहल के तहत जी रिश्ते अवॉर्ड्स में प्रिया और सनी की शादी के लिए एक भव्य समारोह रखा गया है। अवॉर्ड शो में दर्शकों के पसंदीदा शोज की सभी बहुएं, बेटा-बेटी, मम्मी-पापा और देवर-भाभियां बाराती बनकर इन दो प्रेमियों की शादी में शरीक होते दिखेंगे। दर्शक अवॉर्ड शो में रोका, बैचलर्स पार्टी, मेहंदी, संगीत और शादी जैसे अलग-अलग कार्यक्रम होते देखेंगे। शब्बीर और श्रीति शो में प्रिया और सनी के फोस्टर ब्रदर व सिस्टर के रूप में मौजूद रहेंगे।