
शोपियां में हिजबुल कमांडर सहित पांच आतंकी ढेर
श्रीनगर. शोपियां के रेबन गांव में रविवार को सुरक्षाबलों ने हिजबुल कमांडर समेत पांच आतंकी मार गिराए। जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों को इलाके में आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली। इस पर रविवार सुबह घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। खुद को घिरा पाकर आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने 5 आंतकी ढेर कर दिए। इनमें एक पुलवामा और कुलगाम का हिजबुल कमांडर फारुक अहमद भट उर्फ नाली भी शामिल है। हालांकि पुलिस ने अभी मारे गए आतंकियों के नामों की घोषणा नहीं की है।
शांति से मसला सुलझाने पर बनी सहमति: केंद्र
नई दिल्ली. भारत-चीन के बीच जारी सीमा विवाद को लेकर शनिवार को लद्दाख में सैन्य कमांडर स्तर की बैठक गर्मजोशी और सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई। विदेश मंत्रालय ने रविवार को कहा कि बैठक के दौरान दोनों देशों के मिलिट्री कमांडर्स इस बात पर सहमत हुए कि पूर्वी लद्दाख में जारी सीमा विवाद का हल शांतिपूर्वक और द्विपक्षीय समझौतों के आधार पर निकाला जाएगा। दोनों पक्ष इस बात पर भी सहमत हुए कि मसले का जल्द हल निकलने से रिश्ते आगे बढ़ेगे। शांतिपूर्ण समाधान निकलने तक चीन से सैन्य और कूटनीतिक पर बातचीत चलती रहेगी।
सीमा विवाद, सचिवों में हो बातचीत: नेपाल
उधर, भारत के कुछ इलाकों को अपने हिस्से में दिखाने वाले नए नक्शे का विधेयक संसद में पेश करने के बाद नेपाल अब चाहता है कि दोनों देशों में विदेश सचिव स्तर की बातचीत में कथित सीमा विवाद का हल निकाला जाए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, नेपाल ने भारत सरकार को सूचित किया है कि दोनों देशों के विदेश सचिव बैठक कर विवाद का समाधान निकालें।
Updated on:
8 Jun 2020, 12:08 AM IST
Published on:
8 Jun 2020, 12:08 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.