
Ashok Gehlot: कांग्रेस पूरे देश में मजबूत, निकाय चुनाव में मिलेगी कामयाबी
जयपुर 30 नवंबर
राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने देश की अर्थ व्यवस्था को लेकर मोदी सरकार को आड़े हाथ लिया है। गहलोत ने आज अहमदाबाद में कांग्रेस की ओर से आयोजित जन वेदना कार्यक्रम में शिरकत की और मीडिया से बातचीत की। गहलोत ने कहा कि जब नोट बंदी हुई थी उस वक्त पूर्व पीएम डॉ मनमोहन सिंह ने कहा था कि नोटबंदी देश को बर्बाद कर देगी, देश की अर्थव्यवस्था को बर्बाद करेगी। दुर्भाग्य से एनडीए गवर्नमेंट, मोदी को समझ में ये बात नहीं आ रही है। कांग्रेस ने इसीलिए देश भर में ये प्रदर्शन रखा है। आज जो पूरे मुल्क की आर्थिक स्थिति बनी है वह बहुत चिंताजनक है।
गहलोत ने कहा कांग्रेस के धरने प्रदर्शन में जनता साथ दे रही है। आज काम धंधे चौपट हो गए, नौकरियां मिलना तो दूर की बात है नौकरियों से लोग निकाले जा रहे हैं। महंगाई बढ़ती जा रही है। प्याज के दाम कहां पर चले गए। हम किस दिशा में जा रहे हैं। गुजरात में भी भाजपा ने बड़े जोर शोर से सरकार बनाई लेकिन डेढ़- 2 साल के अंदर ही क्या हो गया। किसानों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अतिवृष्टि से जो नुकसान हुआ उसका मुआवजा कब मिलेगा किसी को पता ही नहीं है।
गहलोत ने कहा कि वैसे भी लोकतंत्र खतरे में हैं। एनडीए को जनता की परेशानी से मतलब नहीं है। यह घमंड जब तक ध्वस्त नहीं होगा तब तक यह सरकार गुड गवर्नेंस तो दे नहीं पाएगी।
गुजरात में शराब पीने के मामले को लेकर गहलोत ने कहा कि शराब पीने का यहां चलन है तो मैंने स्वाभाविक रूप से कहा था कि गुजरात के अंदर भी घर-घर में शराब पी जाती है इसका मतलब यह नहीं है कि सब घरों में शराब पी जाती है।
गुजरात के सीएम को हकीकत का सामना करना चाहिए था। राजस्थान, हरियाणा, मध्यप्रदेश ,पंजाब के मुख्यमंत्रियों से संपर्क करते। लेकिन विजय रूपाणा ने तो मेरे बयान को गलत तरीके से कह दिया कि अशोक गहलोत ने गुजरात वासियों की बेइज्जती की है। उनसे पूछा जाए कि गुजरात वासियों की बेइज्जती कोई कर सकता है क्या। जहां गांधी और सरदार पटेल जैसे महापुरुष पैदा हुए हो, उस धरती पर मैं रहा हूं। यहां विकास पागल हो गया था। मैं तो आज भी कह रहीा हूं कि गुजरात की शराबबंदी पूरी तरह फेल हो चुकी है और नई पीढ़ी बर्बाद हो रही है। गहलोत ने कहा कि भाजपा के लोग देश के विकास में कुछ नहीं कर पा रहे हैं। आज उनका ग्राफ नीचे आ रहा है। जब से महाराष्ट्र, हरियाणा के चुनाव हुए हैं, जनता ने इनको सबक सिखा दिया है। एक मैसेज दे दिया कि आर्टिकल 370, राष्ट्रवाद और मंदिर के नाम पर राजनीति मत करो।
Published on:
30 Nov 2019 04:48 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
