जयपुर

Hariyali Teej Today : जयपुर में निकलेगी तीज माता की शाही सवारी, देशी-विदेशी पावणे करेंगे दीदार

Hariyali Teej Today : हरियाली तीज आज है। राजस्थान के जयपुर में हरियाली तीज का त्योहार बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है। तीज माता की शाही सवारी शनिवार शाम को 5.45 बजे सिटी पैलेस स्थित जनाना डयोढ़ी से निकलेगी। तीज माता चांदी की पालकी में विराजमान होंगी। हरियाली तीज और तीज माता के बारे में और जानिए...

2 min read
Hariyali Teej Today

हरियाली तीज आज है। जयपुर में हरियाली तीज का त्योहार बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। तीज माता की शाही सवारी शनिवार सिटी पैलेस स्थित जनाना डयोढ़ी से शाम 5.45 बजे से निकलेगी। तीज माता चांदी की पालकी में विराजमान होंगी। हाथी पर पंचरंगा ध्वज माता की सवारी की अगुवानी करेगा। पर्यटन विभाग की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रदेश की लोक संस्कृति की अद्भुत छटा देखने को मिलेगी। इस बार प्रदेशभर से करीब 150 कलाकार जयपुर पहुंचे हैं। शाही सवारी का शहरवासी और विदेशी पावणे भी दीदार करेंगे। जयपुर शहर में घेवर सहित अन्य मिठाइयों की जमकर बिक्री हो रही है।



मरुधर कंवर को तीजमाता से था बहुत लगाव

इतिहासकार और जयपुर फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष सियाशरण लश्करी ने बताया, जयपुर महाराज मानसिंह द्वितीय की पत्नी मरुधर कंवर को तीजमाता से बहुत लगाव था। उनके महल में पूरे सावन माह में विशेषकर तीज पर अलग ही नजारा रहता था। सवारी निकलने से पहले बेशकीमती आभूषणों से विशेष शृंगार किया जाता है। रामनिवास बाग, रामबाग व घाट की गुणी स्थित बाग से सुगंधित केवड़े और गेंदे के फूल आते थे। साथ ही झूला सजाया जाता था।

यह भी पढ़ें - Rajasthan Election : राजस्थान में भले ही 50 जिले बन गए हों, पर पुराने जिलों के आधार पर ही होंगे विधानसभा चुनाव

तालकटोरा में लगता है घेवर का भोग, आतिशबाजी के बाद समापन

सियाशरण लश्करी ने आगे बताया, रामनिवास बाग, सिसोदिया रानी का बाग, घाट की गुणी में मेला लगता था। महिलाएं लहरिया पहनकर गीत गाने के साथ ही भोजन करती थी। माता की सवारी जनानी डयोढ़ी से त्रिपोलिया, छोटी चौपड़, चीनी की बुर्ज होकर तालकटोरा पहुंचती थी। वहां पर घेवर का भोग लगाकर आतिशबाजी के साथ समारोह का समापन होता था। रात को चंद्रमहल में महफिल का आयोजन होता था। अब पर्यटन विभाग की ओर से चहारदीवारी के बरामदों की छतों पर माता की सवारी को देखने का खास इंतजाम किया जाता है।

महिलाओं ने लगाई हाथों पर मेहंदी

इससे पहले शुक्रवार को अखंड सुहाग की कामना का पर्व सिंजारा उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। महिलाओं ने हाथों पर मेहंदी लगाई। लहरिया पहनकर परिधान पूजा अर्चना कर अखंड सुख-सौभाग्य का आशीर्वाद मांगा।

हरियाली तीज पर मां गौरी का करेंगी पूजन

नवविवाहित और सगाई हो चुकी युवतियों के यहां ससुराल पक्ष की ओर से सिंजारा भिजवाया गया। ससुराल से आई लहरिया साड़ी पहनकर नव विवाहिताएं शनिवार को हरियाली तीज पर मां गौरी का पूजन करेंगी। सुहागिन महिलाएं व्रत रखकर पति की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य के लिए कामना करेंगी।

यह भी पढ़ें - Rajasthan : सीएम गहलोत का तोहफा, जयपुर में तीज मेले पर आधे दिन की होगी छुट्टी

Updated on:
19 Aug 2023 01:56 pm
Published on:
19 Aug 2023 01:55 pm
Also Read
View All

अगली खबर