
जालोर-सिरोही लोकसभा सीट पर अपने पति वैभव गहलोत को जीत दिलाने के लिए उनकी पत्नी हिमांशी इन दिनों ज़बरदस्त कैंपेनिंग पर उतरीं हुईं हैं।इसी क्रम में शुक्रवार को एक दिलचस्प नज़ारा तब देखने को मिला, जब हिमांशी गहलोत वोट अपील करने जालोर सब्ज़ी मंडी पहुंच गईं।

हिमांशी ने पूरी मंडी में घूम-घूमकर करता और विक्रेताओं से मुलाक़ात की और कांग्रेस प्रत्याशी वैभव के लिए वोट मांगे।

हिमांशी ने यहां ना सिर्फ हाथ जोड़कर वोट अपील ही की, बल्कि सब्ज़ी मंडी के लोगों को रिझाने के हरसंभव जतन भी किए। एक जगह तो वे सब्ज़ी तोलते हुए तक नज़र आईं।

इधर, पूर्व सीएम अशोक गहलोत की बहू को अचानक से अपने बीच पाकर सब्ज़ी मंडी में रोज़मर्रा के काम में व्यस्त विक्रेता और वहां मजूद लोग भी हैरान रह गए।

हिमांशी गहलोत के अधिकतर प्रचार कार्यक्रमों में उनके साथ उनकी बेटी काश्विनी भी नज़र आ रही हैं। दोनों मां-बेटी सुबह से लेकर देर रात तक चुनाव प्रचार कार्यक्रमों में व्यस्त हैं।

वैभव की जीत के लिए उनका पूरा परिवार चुनाव प्रचार में लगा हुआ है। पूर्व सीएम अशोक गहलोत जहां क्षेत्र में जगह-जगह दौरे करके सभाएं और बैठकें कर रहे हैं, तो वहीं उनकी बहू और कांग्रेस प्रत्याशी वैभव की पत्नी हिमांशी भी ज़बरदस्त कैंपेनिंग पर उतरीं हुईं हैं।

राजस्थान में लोकसभा चुनाव की कुछ चुनिंदा हॉट सीटों में से एक है जालोर-सिरोही सीट। यहां कांग्रेस प्रत्याशी वैभव गहलोत का सीधा मुकाबला भाजपा प्रत्याशी लुम्बाराम चौधरी से है।

वैभव पूर्व सीएम अशोक गहलोत के बेटे हैं और दूसरी बार लोकसभा चुनाव में किस्मत आज़मा रहे हैं। यही कारण है कि बेटे के साथ ही पिता की भी प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है।