जयपुर। जयपुर में इस वर्ष 13 मार्च को भद्रा समाप्ति के बाद होलिका दहन किया जाएगा, जबकि 14 मार्च को रंगोत्सव मनाया जाएगा। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, प्रदोष व्यापिनी पूर्णिमा में भद्रा रहित समय पर होलिका दहन करना शुभ माना जाता है। 13 मार्च को सुबह 10:36 बजे पूर्णिमा आरंभ होगी, जो 14 मार्च दोपहर 12:25 बजे तक रहेगी। भद्रा का साया रात 11:27 बजे तक रहने के कारण होलिका दहन मध्यरात्रि के बाद ही किया जाएगा। सिटी पैलेस, गोविंददेवजी मंदिर सहित शहरभर में पारंपरिक रीति-रिवाजों से होलिका दहन संपन्न होगा। 14 मार्च को उत्तर फाल्गुनी नक्षत्र में रंगोत्सव मनाया जाएगा, जो सूर्य प्रधान नक्षत्र होने के कारण आत्मसम्मान और उन्नति का प्रतीक माना जाता है।