जयपुर। राजीव गांधी शहरी ओलम्पिक खेल की पहली ‘परीक्षा’ आज पूरी हो रही है। राजधानी जयपुर में 26 खेल मैदानों में 5 अगस्त से ओलम्पिक खेल चल रहे है, जिनका समापन आज हो रहा है। दोनों नगर निगम आज विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत करेंगी, इसके साथ उन्हें प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे। अब ये विजेता खिलाफ जिला स्तरीय राजीव गांधी शहरी ओलम्पिक खेलों में अपना प्रतिभा दिखाएंगे।
जयपुर ग्रेटर नगर निगम व हैरिटेज नगर निगम ने ओलम्पिक के लिए 3 हजार 81 टीमें बनाई है। वहीं 30 हजार 252 खिलाड़ियों का चयन किया। शहर में 26 खेल मैदानों में विभिन्न खेल आयेाजित किए जा रहे है। जयपुर ग्रेटर नगर निगम में जोनवार 15 क्लस्टरों का गठन किया। इनमें 1781 टीमों का ऑनलाइन गठन किया। इसके तहत 18 हजार 457 खिलाड़ियों का चयन किया गया। ग्रेटर क्षेत्र में 12 खेल मैदानों पर ओलम्पिक करवाए जा रहे है। हैरिटेज नगर निगम में जोनवार 15 क्लस्टर बनाए गए। खेलों के लिए 1300 टीमें बनाई गई। इनमें 11 हजार 795 खिलाड़ियों का चयन किया गया। हैटिरेज निगम क्षेत्र में 14 खेल मैदान बनाए गए।
दोनों नगर निगमों की ओर से जोन स्तर पर आयोजित करवाए गए राजीव गांधी शहरी ओलम्पिक खेल का आज समापन हो रहा है। हैरिटेज नगर निगम के किशनपोल जोन का समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण सूरज मैदान में हो रहा है। आदर्श नगर जोन का समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण समारोह जामडोली खेल मैदान में होगा। मुख्य सिविल लाईन जोन का समापन समारोह खण्डेलवाल वैश्य महाविधालय में होगा। हवामहल-आमेर जोन का के खेल का समापन समारोह भी होगा। इसी तरह जयपुर ग्रेटर निगम के ओलम्पिक खेलों का भी आज शाम तक समापन होगा।