जयपुर। प्रदेश में सर्दी के तेवर लगातार तीखे होते जा रहे हैं। कड़ाके सर्दी व गलन से लोग कांप रहे हैं। वहीं कोहरा भी लगातार प्रदेश के कई जिलों में दिखाई दे रहा है। लोग पूरी तरीके से गर्म कपड़ाें में लिपटे नजर आ रहे हैं। प्रदेश में आज भी कई जिलों में घना कोहरा नजर आया। आज सवेरे नागौर के परबतसर और शाहपुरा जिलों में कोहरा नजर आया। राजधानी जयपुर में आज सवेरे सूर्यदेव नजर आए और धूप खिली हुई नजर आई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में अब कोई विक्षोभ नहीं बन रहा है। इस कारण अब कड़ाके की सर्दी पड़ना शुरू हो गई।
आज सवेरे शाहपुरा जिले में घना कोहरा नजर आया। यह कोहरा रात से ही पड़ रहा है। इसके अलावा नागौर जिले के परबतसर तहसील में क्षेत्र में छाया घना कोहरा दिखाई दिया। परबतसर में तडके से घने कोहरा छाने से मेगा हाइवे पर वाहनों की रफ्तार थमी, धीमी गति से दिन में भी हैंड लाइट जलाकर वाहन चलाने पड़े। घने कोहरे के चलते जनजीवन प्रभावित नजर आया। क्षेत्र में सर्दी इतनी तेज थी कि लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा।