
पीड़ित युवक (फोटो पत्रिका नेटवर्क)
राजधानी जयपुर के सांगानेर सदर थाना इलाके में एक युवक को उधार दिए 19 हजार रुपये मांगना भारी पड़ गया। इससे गुस्साए व्यक्ति ने अपने साथियों को बुलाकर उसके साथ मारपीट कर दी, जिससे उसका हाथ टूट गया और कार में भी तोड़फोड़ कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरतार किया है, जबकि फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
घटना का दिल दहलाने वाला वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि सड़क के बीच आरोपियों ने युवक की गाड़ी को घेर लिया और हाथ, डंडे और सरिए से जमकर पिटाई की। इस दौरान सैकड़ों लोगों की भीड़ तमाशबीन बनकर खड़ी रही। थाना प्रभारी अनिल जैमन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी वाटिका निवासी सुरेश, सूरज और चौथू हैं। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार कपूरावाला सांगानेर निवासी गणेश चौधरी ने रिपोर्ट दी थी कि करीब तीन साल से वह वाटिका निवासी सुरेश सैनी से उधार दिए 19 हजार रुपये मांग रहा था। गणेश चार जून की शाम 6:30 बजे अपने दोस्त रामप्रसाद चौधरी के साथ रिंग रोड से वाटिका की तरफ घर लौट रहा था। वाटिका बस स्टैंड के पास सुरेश को देखकर उसने रुपये मांगे तो सुरेश ने बाइक से उतरकर मारपीट शुरू कर दी।
गणेश के अनुसार, जब वह बचने के लिए गाड़ी के पास भागा तो सुरेश गाड़ी के सामने लेट गया और बोला कि मुझे मारकर रुपये ले ले। समझाने पर सुरेश ने 10 से 15 लोगों को बुला लिया, जो लाठी-सरिया लेकर आए और मारपीट शुरू कर दी। सुरेश, ओमप्रकाश और सूरज ने कार में तोड़फोड़ कर बोनट, कांच और डिग्गी को नुकसान पहुंचाया। इस दौरान सुरेश ने कार में रखे करीब सात लाख 53 हजार रुपये से भरा बैग अपने साथी को दे दिया।
गणेश ने बताया कि मारपीट में चाकू लगने से उसे गंभीर चोटें आईं, हाथ और कलाई में फ्रैक्चर हो गया और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं। दोस्त रामप्रसाद ने बचाव का प्रयास किया और किसी तरह वहां से निकलकर रिंग रोड की तरफ गाड़ी ले आया।
Published on:
07 Jun 2025 09:03 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
