Maha Kumbh Mela 2025: प्रयागराज में महाकुंभ शुरू होने से पहले ही अधिकांश होटल-गेस्ट हाउस बुक हो गए हैं। ऐसे में लोगों को महाकुंभ में ठहरने की चिंता सता रही है। अगर आप जयपुर निवासी हैं तो आपके लिए खुशखबरी है। प्रयागराज में अक्षय वट सेक्टर-21 के मुक्ति मार्ग पर गोविंद धाम बनाया गया है, जो गंगा के दक्षिण तट के किनारे पर है।
यहां त्रिवेणीधाम के रामरिछपालदासजी महाराज भक्तों को आशीर्वाद देने पहुंचेंगे। जयपुर से जो भी यात्री जाएगा, उनके रहने और भोजन की व्यवस्था गोविंदधाम में निशुल्क रहेगी। वहां सुबह नाश्ते में पोहा, हलवा व खिचड़ी बांटी जाएगी। इसके बाद सुबह व शाम को भंडारा प्रसादी होगी, जिसमें करीब एक हजार आदमी भोजन कर सकेंगे। जबकि संतों का भंडारा अलग से करवाया जाएगा, जहां सिर्फ संत ही प्रसादी ग्रहण कर सकेंगे।
महाकुंभ में गुलाबी नगरी से करीब 2 लाख श्रद्धालुओं के जाने का अनुमान है। आज सुबह सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने पूजा-अर्चना के बाद गोविंददेवजी मंदिर से भंडारे के लिए खाद्य सामग्री का ट्रक रवाना किया। इसमें आटा, दाल, चावल, घी, चीनी- चाय और अन्य खाद्य सामग्री भेजी गई है। ताकि वहां लगने वाले भंडारे में किसी तरह की परेशानी ना हो। धर्म प्रचारक विजय शंकर पांडेय और महंत मनोहरदास त्यागी लोडिंग पिकअप लेकर प्रयागराज के लिए रवाना हुए।