
जयपुर। मकर संक्रांति पर पतंगबाजी के बीच पक्षियों की सुरक्षा को लेकर विभिन्न सामाजिक संस्थाएं आगे आई हैं। पतंग की डोर से घायल होने वाले पक्षियों के उपचार के लिए शहर के विभिन्न इलाकों में मेडिकल शिविर लगाए जा रहे हैं। कई संस्थाओं ने आपात स्थिति में मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।
मालवीय नगर स्थित राजस्थान जन मंच ट्रस्ट पक्षी चिकित्सालय की ओर से मंगलवार से तीन दिवसीय विशेष शिविर की शुरुआत हुई। संस्थापक कमल लोचन ने बताया कि शहर में कहीं भी यदि घायल पक्षी नजर आए तो पक्षी को चिकित्सालय में ले आएं या हेल्पलाइन नंबर 7230055800 पर सूचना दें। उन्होंने बताया कि पक्षियों की चिकित्सा के लिए 24 घंटे डॉक्टरों की टीम मौजूद रहेगी। वहीं विभिन्न इलाकों में एक दर्जन से अधिक पक्षी चिकित्सा के लिए अस्थाई कियोस्क भी लगाए गए हैं।
-सांगानेर-प्रताप नगर में भगवान महावीर धर्मार्थ पक्षी चिकित्सालय की ओर से तीन दिवसीय शिविर शुक्रवार तक आयोजित होगा। संयोजक राहुल तलेसरा ने बताया कि श्वेताम्बर स्थान कवासी जैन संस्था के तत्वावधान में प्रातः 8 से शाम 6 बजे तक घायल पक्षियों को चिकित्सा दी जाएगी।
-जौहरी बाजार, सांगानेरी गेट क्षेत्र में वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक जयपुर संघ के तत्वावधान में पक्षी चिकित्सा शिविर की शुरुआत हुई। मंत्री विमलचंद डागा ने बताया कि इस दौरान विधायक बालमुकुंदाचार्य, सुनील कोठारी और विमल चन्द डागा समेत अन्य मौजूद रहे।
-स्मॉल स्टेप फाउंडेशन के तत्वावधान में मोती डूंगरी गणेश मंदिर चौराहे पर पक्षी सहायता शिविर की शुरुआत पूर्व डीजीपी रवि प्रकाश मेहरड़ा ने की। शिविर प्रमुख गणेश बैरवा और अमोलक बैरवा ने बताया कि शिविर 16 जनवरी तक रहेगा। वहीं जवाहर नगर में उड़ान संरक्षण फाउंडेशन के तत्वावधान में दो दिवसीय शिविर मंगलवार से शुरु हुआ।
-वैशाली नगर स्थित निंदर बर्ड हाउस में एनजीओ होप एंड बियॉन्ड, राजस्थान वन विभाग और वंतारा के सहयोग से पक्षी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। 17 जनवरी तक शिविर का संचालन होगा। घायल पक्षियों की हेल्पलाइन नंबर 8239939929 पर भी सूचना दी जा सकती है।
……
परिन्दों के लिए ऑपरेशन फ्री स्काई, 21 जगह मिलेगा उपचार
पतंग की डोर से घायल परिंदों को बचाने के लिए बुधवार को ‘ऑपरेशन फ्री स्काई’ अभियान चलाया जाएगा। पशुपालन विभाग, वर्ल्ड संगठन, राज्य जीव जंतु कल्याण बोर्ड सहित विभिन्न संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान का पोस्टर का विमोचन निदेशक डॉ. सुरेश मीणा और मनीष सक्सेना ने किया। डॉ. मीणा ने नागरिकों से सुबह 6 से 8 तथा शाम 5 से 7 बजे तक पतंगबाजी न करने और चाइनीज मांझे से बचने की अपील की। मनीष सक्सेना ने बताया कि घायल पक्षियों के उपचार के लिए शहर के 18 क्षेत्रों में बर्ड रेस्क्यू सेंटर बनाए गए हैं, जहां 21 पशु चिकित्सक सेवाएं देंगे।
सेवा का जज्बा, करौली से आई जयपुर
-बचपन से ही पक्षियों से मुझे काफी लगाव है। ऐसे में करौली से पक्षी चिकित्सा शिविर में सेवा देने जयपुर आई हूं। यहां मोती डूंगरी चौराहे पर वॉलंटियर के रुप में सेवा दे रही हूं। दो दिन पतंगबाजी से दूर यहीं पक्षियों की सेवा में रहूंगी।
सोनिया मीणा, पक्षी प्रेमी
Published on:
13 Jan 2026 08:38 pm

बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
