जयपुर। राजस्थान पत्रिका के संवाद कार्यक्रम मेरा शहर मेरा मुद्दा रविवार को ग्रेटर नगर निगम के विद्याधर नगर क्षेत्र में हुआ। झोटवाड़ा के वक्रांगी मैरिज गार्डन में वार्ड 33, 34, 37, 40 और 41 के लोग जुटे।
घनी आबादी और बाजार होने की वजह से अस्थाई अतिक्रमण को बड़ी समस्या के रूप में लोगों ने पार्षदों के समक्ष रखा। वहीं, लोगों ने कहा कि भीषण गर्मी का दौर है। जरूरत से आधा पानी भी नहीं मिल रहा है। जलदाय विभाग टैंकर भी नहीं भेज रहा है। निजी टैंकर संचालक मनमाना पैसा वसूलते हैं।
ये भी मुद्दे आए संवाद में
-पानी निकासी का कोई इंतजाम नहीं है।
-अवैध रूप से नशे का कारोबार हो रहा है।
-कुछ कॉलोनियों में सफाईकर्मी नहीं आते हैं।
-बाजारों में हो रहे अवैध निर्माणों को निगम क्यों नहीं रोक रहा?
-सैटेलाइन हॉस्पिटल की वर्षों पुरानी मांग अब तक अधूरी है।
पार्किंग के लिए जगह नहीं है। पानी निकासी की दिक्कत है। सडक़ों पर अतिक्रमण होने से गाड़ी निकलने की जगह नहीं बचती। इनका स्थाई समाधान होना चाहिए।
-मोहम्मद अली, रघुनाथपुरी
सुरक्षा पर भी ध्यान देने की जरूरत है। अपराध बढ़ रहे हैं। यदि पार्षद विकास समितियों से साथ मिलकर सीसीटीवी कैमरे लगवाने पर जोर देंगे तो लोगों को राहत मिलेगी।
-किशोर सिंह, सत्य नगर
कॉलोनी में पीने का पर्याप्त पानी नहीं आता। पार्षद से कई बार शिकायत कर चुके, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। कचरा उठाने के लिए गाड़ी भी नहीं आती।
-उषा शर्मा, शिवपुरी-डी
सडक़ों की दुर्दशा है। कई बार हादसे भी हो चुके हैं। सडक़ों को जल्द सही कराया जाए। मुख्य सडक़ों पर अतिक्रमण होने से लोगों को आने जाने में दिक्कत होती है।
-महीपाल सिंह, तारा नगर
मास्टरप्लान में जितनी सड़क की चौड़ाई है, पहली बार में उतनी ही बने। पहले सरकारी महकमे सडक़ पर कब्जा करते हैं और फिर स्थानीय लोग कब्जा कर सडक़ संकरी कर देते हैं।
-सुरेश शर्मा, शिल्प कॉलोनी
वार्ड में डिस्पेंसरी का काम होने से लोगों को राहत मिली है। सफाई की व्यवस्था बेहतर करने की जरूरत है। हूपर नियमित रूप से आ रहे हैं।
-प्रभु नारायण बड़ाया, सिंधी कॉलोनी
———————
पार्षद बोले
लोगों की जो समस्याएं हैं, उनको अब तक दूर करने का प्रयास किया है। वार्ड में डिस्पेंसरी चालू की है। उसका फायदा लोगों को मिल रहा है। जो समस्याएं हैं, उनका भी समाधान किया जा रहा है।
-रेखा कूलवाल, वार्ड-33
दो कॉलोनियों में जल्द सडक़ों का काम शुरू होगा। खुर्रे हटाने मेेें कुछ कॉलोनियों के लोगों ने सहमति पत्र दिए थे, वहां कार्रवाई के बाद सडक़ें चौड़ी हुई हैं। वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी बनवाए जा रहे हैं।
-रमेश चंद्र गुप्ता, वार्ड-37
कुछ कॉलोनियों में सडक़ की समस्या है, वहां जल्द काम शुरू होगा। पानी की समस्या है। इसको लेकर जलदाय विभाग के अधिकारियों से बात की है। सुनवाई नहीं हुई तो घेराव किया जाएगा।
-विजेंद्र पाल सिंह, वार्ड-40
पहले भी अवैध रूप से चल रहीं मीट की दुकानों को बंद करवाया था। सोमवार से अभियान चलाया जाएगा। कुछ बाजारों में अतिक्रमण है। व्यापारियों से समझाइश करने के बाद निगम से कार्रवाई करवाएंगे।
गणेश नाथावत, वार्ड -41
(वार्ड 34 के पार्षद रामकिशोर प्रजापत स्वास्थ्य खराब होने की वजह से कार्यक्रम में नहीं पहुंचे।)