21 जनवरी 2026,

बुधवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भाजपा का दावाः जनाक्रोश यात्रा के दौरान जनता की मिली 10 लाख से ज्यादा शिकायतें, विधानसभा के बजट सत्र में उठाएंगे मुद्दे

200 विधानसभा क्षेत्रों में अब तक 1 लाख किलोमीटर से ज्यादा का सफर, जनाक्रोश यात्रा के जरिए 1 करोड़ लोगों से संवाद का दावा

2 min read
Google source verification
भाजपा का दावाः जनाक्रोश यात्रा के दौरान जनता की मिली 10 लाख से ज्यादा शिकायतें, विधानसभा के बजट सत्र में उठाएंगे मुद्दे

भाजपा का दावाः जनाक्रोश यात्रा के दौरान जनता की मिली 10 लाख से ज्यादा शिकायतें, विधानसभा के बजट सत्र में उठाएंगे मुद्दे

जयपुर। राज्य की गहलोत सरकार के 4 साल पूरे होने के विरोध में प्रदेश भाजपा की ओर से सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में निकाली जा रही जन आक्रोश यात्रा अब समाप्ति की ओर है लेकिन 4 दिसंबर से लेकर अब तक जनाक्रोश यात्रा सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में करीब 1 लाख किलोमीटर से ज्यादा का सफर कर चुकी है।

भाजपा नेताओं का दावा है कि यात्रा समाप्त होने तक यह आंकड़ा करीब सवा लाख के आसपास पहुंच जाएगा। भाजपा नेताओं का दावा है कि जनाक्रोश यात्रा के दौरान प्रदेश भाजपा को अब तक जनता के 10 लाख से ज्यादा शिकायतें मिल चुकी हैं जिनमें प्रमुख रूप से पानी, बिजली, सड़कें और मूलभूत आवश्यकताओं से जुड़ी समस्याएं ज्यादा हैं।

इसके अलावा करीब दो लाख से ज्यादा शिकायतें पार्टी की वेबसाइट पर भी ऑनलाइन मिली है। प्रदेश भाजपा से जुड़े नेताओं का कहना है कि जनाक्रोश यात्रा के जरिए गहलोत सरकार के कामकाज की पोल खुलकर सामने आ चुकी है कि 4 साल के शासन में गहलोत सरकार अपने वादे पूरे करना तो दूर जनता को मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराने में नाकाम रही है।

विधानसभा के बजट सत्र में उठाएंगे जनता की समस्याएं
पार्टी नेताओं की माने तो जनाक्रोश यात्रा के दौरान जनता के मिली 10 लाख से ज्यादा शिकायतों का जिलेवार डाटा तैयार किया जा रहा है और उसके बाद आगामी विधानसभा के बजट सत्र में भाजपा विधायक जनता के मुद्दों को पुरजोर तरीके से सदन में उठाएंगे और सरकार को घेरने का प्रयास करेंगे।

शिकायत बॉक्स भी पहुंचने लगे जयपुर
वहीं जनाक्रोश यात्रा के रथों में लगे शिकायत बॉक्स भी अब जयपुर पहुंचने लगे हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि सभी शिकायत बॉक्स जयपुर पहुंचने के बाद ही शिकायतों का फाइनल आंकड़ा जारी किया जाएगा कि जनता की कितनी समस्याएं शिकायत बॉक्स में है। हालांकि पार्टी नेताओं का मानना है कि शिकायतों का आंकड़ा 10 लाख के पार पहुंच चुका है।

एक करोड़ लोगों से संवाद का दावा
जनाक्रोश यात्रा के जरिए सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में अब तक 1 लाख 10 हजार 702 किलोमीटर का सफर करके करीब एक करोड़ लोगों से संवाद करने का दावा किया जा रहा है। जनाक्रोश यात्रा के 200 रथों ने गांव, ढाणी, कस्बों और शहरों में पहुंचकर अब तक 62, 560 नुक्कड़ सभाएं और इतने ही स्थानों पर पर जनता से संवाद किया है।


गौरतलब है कि गहलोत सरकार के 4 साल के कार्यकाल को कुशासन बताते हुए प्रदेश भाजपा ने सभी 200 विधानसभा क्षेत्र में जन आक्रोश यात्रा निकालने का फैसला लिया था जिसके तहत 30 दिसंबर को राजधानी जयपुर में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जनाक्रोश यात्रा के 51 रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इससे पहले पार्टी के अध्यक्ष सतीश पूनियां और प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने गहलोत सरकार के 4 साल के कामों को लेकर आरोप पत्र भी जारी किए थे।

वीडियो देखेंः- Jan Aakrosh Rally: 200 रथों से यात्रा शुरू, Congress सरकार के विरोध में | BJP | PM Narendra Modi