
जयपुर। फागी में हत्या कर पुलिस से बचने के लिए मुंबई जाने के उद्देश्य से दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन पहुंचे तीन आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया। फागी पुलिस ने अनुसंधान के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।उप महानिरीक्षक पुलिस (पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण) राशि डोगरा डूडी ने बताया कि हत्या के मामले में फागी के भोजपुरा निवासी बंशी उर्फ बन्टी गुर्जर, उसका भाई जयनारायण गुर्जर और राजाराम गुर्जर को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि 15 जनवरी को भोजपुरा निवासी सोनू गुर्जर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी, जिसमें बताया कि 15 जनवरी की सुबह करीब 8.30 बजे उसे पड़ोसियों से सूचना मिली कि उसके जेठ/जीजा कजोड़राम गुर्जर की मृत्यु हो गई है।
जब वह अपने भाई सुरेश व अन्य परिजनों के साथ भोजपुरा पहुंचीं तो कजोड़राम गुर्जर घर में टीन शेड के नीचे मृत अवस्था में पड़े मिले। उनके चेहरे व शरीर पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान थे। आरोपियों के फरार साथी कैलाश जाट की तलाश जारी है।
तेज आवाज में डीजे बजाने से टोका तो किया हमला
राशि डोगरा डूडी ने बताया कि पड़ताल में सामने आया कि मकर संक्रांति के दिन आरोपी डीजे बजा रहे थे, जिस पर कजोड़राम ने देर रात तक तेज आवाज में डीजे बजाने से मना किया। इसी बात पर शराब के नशे में आरोपियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और घायल अवस्था में उसे घर लाकर पटक कर चले गए। इलाज के अभाव में उसकी मौत हो गई।
मुंबई जाने की सूचना मिली
राशि डोगरा डूडी ने बताया कि पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी, तभी मंगलवार को सूचना मिली कि आरोपी मुंबई जाने की फिराक में हैं। साइबर सेल के कांस्टेबल रामस्वरूप से पुख्ता सूचना मिली कि आरोपी दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन पर पहुंचे हुए हैं। तभी आरोपियों का पीछा कर रही पुलिस टीम ने उन्हें दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से पकड़ लिया। आरोपी बंशी उर्फ बन्टी के खिलाफ 6, जयनारायण के खिलाफ 2 और राजाराम के खिलाफ 2 आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं।
Published on:
21 Jan 2026 06:30 pm

बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
