जयपुर। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से आयोजित सीएचओ भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने की खबर सामने आ रही है। परीक्षा का पेपर परीक्षार्थियों के पास 3 घंटे पहले ही पहुंच गया था। अब इस मामले में राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने गहलोत सरकार पर जुबानी हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में पेपर लीक एक परंपरा बन गई है, जिसके चलते एक पेपर के बाद दूसरा पेपर लीक हो रहा है। अफसोस की बात यह है कि अब तो राजस्थान में संविदा पर होने वाली भर्तियों के पेपर भी लीक होना शुरू हो गए हैं। सरकार सत्य, कानून और ऐसे आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की बात तो कर रही है, लेकिन यह बात समझ से परे है कि तमाम कोशिशों के बावजूद किस की छत्रछाया में पेपर लीक हो रहे हैं।