जयपुर। प्रदेश में बढ़ती हुई सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए दुपहिया वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने शनिवार को शिकंजा कस दिया। बिना हेलमेट पहन कर निकले लोगों के पुलिस ने चालान किए और भविष्य में हेलमेट पहनकर घर से निकलने की सलाह दी। दरअसल प्रदेश में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए अभियान चलाया गया है। अभियान के तहत पुलिस ने प्रदेश भर में 37 हजार 771 लोगों के चालान किए जिन्होंने हेलमेट नहीं लगा रखा था। जयपुर ग्रामीण की बात करे तो 1564 लोगों के बिना हेलमेट के चालान काटे गए।
सूचना देने के बाद भी नहीं सुधर रहे लोग
यातायात पुलिस की ओर से एक दिन पहले ही शनिवार को बिना हेलमेट लगाने वालों वाहन चालकों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इसकी सूचना मीडिया को भी दी गई थी। इसके बाद भी लोग बिना हेलमेट के निकले। सुबह से चला अभियान शाम को खत्म हुआ। इस दौरान प्रदेश की बात करें तो अब तक 37 हजार 771 लोगों को चालान किया गया।
पुलिस ने नही दिखाया रहम
बिना हेलमेट घर से निकले लोगों के पुलिस ने जमकर चालान किए। कई लोगों ने अपने जानकारों से भी पुलिस से बात करवाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी एक नहीं चली। पुलिस ने इस मामले में कोई रहम नहीं दिखाया। वहीं कई लोगों को पुलिस ने इसलिए भी रोका कि उनके पास आईएसआई मार्का हेलमेट नहीं था। पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाते हुए बताया कि सस्ते हेलमेट से जान जाने का डर रहता है। पुलिस की डर की वजह से नहीं खुद की जान बचाने के लिए अच्छा हेलमेट पहने।
पहले भी चलाया जा चुका है अभियान
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक वी के सिंह ने बताया कि इस तरह के अभियान चलाने के पीछे मकसद यही है कि लोग अवेयर हो और जागरूक बने। अगर वह घर से निकलते है तो हेलमेट पहनकर निकले ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। कई बार हेलमेट नहीं होने से लोग की जान चली गई। कई ऐसे लोग भी थे जो हेलमेट पहनने की वजह से बच गए।