
झोटवाड़ा कांग्रेस के कालवाड़ ब्लॉक के पदाधिकारियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की
भाजपा का परिवार हर दिन बढ़ रहा है। मंगलवार को जयपुर में भाजपा मीडिया सेंटर पर झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के कालवाड़ सरपंच त्रिवेंद्र सिंह राजावत और मंडा भोपावास से सरपंच महेंद्र यादव सहित 24 लोगों ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान चुनाव प्रबंधन समिति संयोजक नारायण पंचारिया और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एंव झोटवाड़ा विधानसभा प्रत्याशी कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने सभी लोगों को पार्टी का दुपट्टा पहनाकर और मिठाई खिलाकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई। इस दौरान मंच संचालन भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ ने किया।
इस अवसर पर पंचारिया ने कहा कि युवाओं ने एक संकल्प लिया है कि झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र को कांग्रेस मुक्त कर देंगे। मैं भारतीय जनता पार्टी में आने वाले सभी लोगों का स्वागत और अभिनन्दन करता हूं। झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र का एक ब्लॉक आज कांग्रेस मुक्त हो गया है। झोटवाड़ा विधानसभा प्रत्याशी कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि मेरे नामांकन वाले दिन कांग्रेस में प्रदेश सचिव रही अनीता शर्मा ने 100 कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा ज्वाइन की। तब अनीता शर्मा ने मुझसे कहा कि जब मैं कांग्रेस में थी तब मेरे बच्चे लगातार बोल रहें थे कि हम जिस भाजपा पार्टी के लीडर को आइकन मानते हैं। आप उसके खिलाफ कांग्रेस में क्या कर रही हैं। तब मुझे अपने बच्चों के सामने हथियार डालने पड़े। युवा पीढ़ी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लीडरशिप पर पूरा भरोसा है। आगामी 25 नवंबर को प्रदेश में दशहरा मनेगा और अहंकार के ऊपर ईवीएम की चोट होगी और इसके बाद 3 दिसम्बर को वापिस प्रदेश में दिवाली मनाई जाएगी क्योंकि प्रदेश में रामराज्य आएगा।
हम भाजपा के साथ
कालवाड़ सरपंच त्रिवेंद्र सिंह ने सदस्यता ग्रहण करते हुए कहा कि विश्व में भारत का डंका बजाने वाले विकास की अग्रणी सोच से प्रभावित होकर हम सभी अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। इस दौरान कालवाड़ कांग्रेस कमेटी के मण्डल अध्यक्ष आनंद सिंह खेड़ी, कांग्रेस कमेटी के मण्डल उपाध्यक्ष दौलत सिंह पलाड़ा, कांग्रेस ब्लॉक उपाध्यक्ष जितेन्द्र सिंह जादौन सहित अनेक नेता भाजपा में शामिल हुए।
Published on:
07 Nov 2023 04:58 pm

बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
