जयपुर। कला एवं संस्कृति विभाग (Department of Art and Culture) की ओर से 25 से 27 मार्च को जनाना बाग में आयोजित होने जा रहे राजस्थान साहित्य उत्सव (Rajasthan Literature Festival) में हिस्सा लेने की उत्सुकता प्रदेशवासियों में बनी हुई है। कार्यक्रम की नोडल एजेंसी जवाहर कला केंद्र, सभी अकादमियां व संबंधित विभाग तैयारियों में जुटे हुए हैं। इस साहित्य कुंभ के तहत राष्ट्र स्तरीय मुशायरा भी होगा। इसमें देशभर के मशहूर शायर मंच साझा करेंगे।
उत्सव की शुरुआत 25 मार्च से होगी जबकि दूसरे दिन 26 मार्च को शाम छह बजे मुशायरे का आयोजन होगा। राजस्थान उर्दू अकादमी के संयोजन में आयोजित मुशायरे में 18 शायर मंच को अपनी शायरियों से सजाएंगे। वसीम बरेलवी इसकी अध्यक्षता करेंगे। नवाज देवबन्दी अपनी शायरियों से श्रोताओं को रिझाने के साथ कार्यक्रम का संचालन करेंगे। जोधपुर के शीन काफ़ निजाम, मुंबई के शकील आजमी और एमतुराज, जयपुर के लोकेश सिंह साहिल अपनी उम्दा शायरियों से समां बांधेंगे।
जोधपुर के हबीब कैफी और इशराकुल इस्लाम, डॉ.निसार राही, ब्रजेश अम्बर, ग्वालियर के मदन मोहन दानिश, आगरा की हीना तैमूरी, भोपाल के अंजुम रहबर शायरियों के सांचे में ढले अपने दिलकश शब्दों से मंच की शोभा बढ़ाएंगे। वहीं दिल्ली की मुमताज नसीम,बीकानेर के असद अली ,असदश्, जाकिर अदीब, बुनियाद जहीन और मोहम्मद इरशाद अपनी शायरियों का जादू मंच पर चलाने वाले हैं।
सीएम ने की थी बजट घोषणा
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की बजट घोषणा वर्ष 2019-20 के क्रियान्वयन में राजस्थान साहित्य उत्सव : साहित्य कुम्भ 2023 राजस्थान लिटरेचर फेस्टिवल का आयोजन जोधपुर स्थित जनाना बाग में होने जा रहा है। जिसमें मुशायरा,राजस्थानी काव्य पाठ, संवाद-सत्र समेत विभिन्न साहित्यिक व सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी के साथ पुस्तक मेला, हस्तशिल्प व फूड स्टॉल्स भी लगाई जाएंगी। इस दौरान राजस्थानी लोक नृत्य की प्रस्तुतियां भी देखने को मिलेंगी। राजस्थान साहित्य उत्सव से अधिक से अधिक लोग जुड़ सके इसके लिए सोशल मीडिया पर कैम्पेन चलाया जा रहा है।