9 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan Politics: RSS के नक्शे कदम पर सेवादल, जमीनी स्तर पर कांग्रेस को करेगा मजबूत; चलाएंगे कई अभियान

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तर्ज पर सेवादल को जमीनी स्तर पर सक्रिय कर मजबूत किया जाएगा। वे सभी कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे जो पहले सेवादल की ओर से जिले से लेकर गांवों तक आयोजित किए जाते थे।

less than 1 minute read
Google source verification
rajasthan politics

एक दशक से अधिक समय से देश की सत्ता से बाहर कांग्रेस पार्टी अब अपने अग्रिम संगठन सेवादल को सक्रिय करने में जुट गई है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तर्ज पर सेवादल को जमीनी स्तर पर सक्रिय कर मजबूत किया जाएगा। वे सभी कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे जो पहले सेवादल की ओर से जिले से लेकर गांवों तक आयोजित किए जाते थे। यह रणनीति सेवादल की राष्ट्रीय कार्य समिति की जयपुर के पास बाड़ा पदमपुरा में हुई तीन दिवसीय बैठक में तय की गई है।

कांग्रेस सेवादल की राष्ट्रीय कार्यसमिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी देसाई की अध्यक्षता में तय किया गया है कि सेवादल के पदाधिकारी जिला, तहसील, ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर तक आयोजन करेंगे। पदाधिकारियों को कहा गया है कि जहां भी अराजकता का माहौल हो, भ्रष्टाचार हो, किसान और मजदूर की बात करनी हो तो किसी निर्देश की जरूरत नहीं है।

सेवादल की ओर से कार्यकर्ताओं में नेतृत्व निर्माण के बारे में बताने के साथ ही जगह-जगह तिरंगा फहराने के साथ ही राष्ट्रगान का महत्व बताया जाएगा। हर माह जिला, ब्लॉक, तहसील और ग्राम इकाई सार्वजनिक स्थलों पर ध्वज वंदन के साथ तिरंगा फहराएंगी। बाल सेवादल इकाई और ग्राम तरुण इकाई फिर शुरू होगी।

एक गांव एक रात सहित कई कार्यक्रमों पर रहेगा जोर

एक गांव एक रात अभियान कार्यक्रम के तहत सेवादल के पदाधिकारी ग्रामीणों के बीच रुकेंगे और जनहित के मुद्दों व देशहित की बात करेंगे। जिला स्तर पर ध्वज मार्च और पदयात्राओं में कांग्रेस के झंडे और तिरंगे को पकड़कर चलने के बारे में लोगों को बताया जाएगा। संविधान चौपाल और संविधान पदयात्रा भी शुरू होंगी।

हर माह रवि मिलन समारोह करेंगे। इसमें सेवादल के पदाधिकारी एक साथ बैठ कर खाना खाएंगे। सेवादल की राज्य इकाई को अब समर्थ विसारद कैप हर वर्ष बड़े स्तर पर आवश्यक रूप से लगाने होंगे।