
ACB Trap: जयपुर। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने डिपार्टमेंट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एंड कम्युनिकेशन (डीओआइटी) की कम्पनी राजकॉम्प इन्फो सर्विस लिमिटेड के महाप्रबंधक (तकनीकी) छत्रपाल सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है।
शनिवार को उनके दस ठिकानों पर तलाशी ली गई, जिसमें डिफेंडर सहित कई लग्जरी कारें, नकदी, प्रॉपर्टी के दस्तावेज और एक स्पा सेंटर मिला। छत्रपाल सिंह का नाम कुछ माह पहले भी चर्चा में आया था जब ईडी ने गणपति प्लाजा स्थित निजी लॉकरों की तलाशी ली थी।
हालांकि तब उनके लॉकर से कुछ बरामद नहीं हुआ था। एसीबी को खुफिया जानकारी मिलने के बाद इस बार छापेमारी की गई। एसीबी डीजी डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा ने बताया कि छत्रपाल सिंह और उनके परिजन के नाम पर करोड़ों रुपए की संपत्ति होने की जानकारी मिली थी। अदालत से तलाशी वारंट लेने के बाद एसआइयू के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप सारस्वत के नेतृत्व में दस ठिकानों पर तलाशी ली गई। 12 अधिकारियों की टीमों ने एक साथ कार्रवाई शुरू की।
छत्रपाल व उसके परिजन के नाम जयपुर में श्याम नगर सब्जी मंडी के पास एयर अपार्टमेंट में दो फ्लैट (एक डुप्लेक्स व एक अन्य), महादेव नगर सोडाला में एक मकान, पांच महंगी गाड़िया (एक पोर्शे, एक जगुआर, डिफेंडर, एक महिन्द्रा थार, एक महिन्द्रा स्कॉर्पियो, शेवर्ले कूज वीसीडीआई) व करीब छह लाख रुपए की बीएमडब्ल्यू बाइक जब्त की गई है। नई खरीदी गई गाड़ी किसी और के नाम रजिस्टर्ड है, लेकिन तलाशी में मिली कुछ तस्वीरों में छत्रपाल खुद डिलीवरी लेते हुए दिखाई दिए।
इनके अतिरिक्त अनेक बीमा पॉलिसियों में निवेश, एक बैंक लॉकर एवं अनेक बैंक खातों की जानकारी मिली है। राजापार्क में एक किराए की सम्पत्ति, जिसमें सिम्पली डिवाइन नाम से स्पा संचालित मिला है। छत्रपाल ने स्पा किसी को किराए पर दिया हुआ बताया है। सी-स्कीम में एक हैप्पी हार्ट फाउंडेशन संस्था की जानकारी मिली है, जिसमें लाखों रुपए निवेश करने का पता चला है। तलाशी अधिकारी की कई विदेश यात्रा व महंगे रिसोर्ट में रुकने के कागजात भी मिले हैं।
Updated on:
20 Oct 2024, 9:16 AM IST
Published on:
20 Oct 2024, 9:16 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.