जयपुर। भारत रत्न सम्मानित व मास्टर ब्लास्टर क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर अपनी पत्नी अंजलि के साथ आज सुबह जयपुर एयरपोर्ट पहुंचे। वह रणथंभौर में 10 नवंबर को अपनी पत्नी अंजलि तेंदुलकर का जन्मदिन सेलिब्रेट करेंगे। बताया जा रहा है कि तेंदुलकर परिवार रणथंभौर रोड स्थित एक पांच सितारा होटल में ठहरेगा। रणथंभौर नेशनल पार्क में टाइगर सफारी करेंगे। इस दौरान वह यहां टाइगर और अन्य वन्यजीवों की अठखेलियां देखेंगे।
जानकारी के अनुसार सचिन तेंदुलकर अपनी पत्नी अंजलि के साथ जयपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सड़क मार्ग से सीधे रणथंभौर के लिए रवाना हो गए। खास बात यह है कि इस दौरान वो खुद गाड़ी चलाते नजर आए। दोपहर में रणथंभौर पहुंचने के बाद पांच सितारा होटल में ठहराव रहेगा। इसके बाद आज ही रणथंभौर नेशनल पार्क का भ्रमण करने का कार्यक्रम है।
बताया जा रहा है कि तंदुलकर परिवार का राजस्थान में तीन दिवसीय दौरा रहेगा। 9 नवंबर के दिन भी तेंदुलकर अपने परिवार संग रणथंभौर नेशनल पार्क में सफारी भ्रमण करेंगे, जबकि 10 नवंबर को सुबह की पारी में भी नेशनल पार्क के वन्य जीवों को निहारेंगे। इसी दिन दोपहर बाद तक सड़क मार्ग से जयपुर के लिए रवाना होने का कार्यक्रम रहेगा। तेंदुलकर का तीन दिवसीय कार्यक्रम पूरी तरह से निजी बताया जा रहा है। गौरतलब है कि तेंदुलकर पहले भी रणथंभौर नेशनल पार्क में भ्रमण पर आ चुके हैं।
सोशल मीडिया पर रहते हैं एक्टिव
सचिन तेंदुलकर सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और अक्सर अपनी परिवार के साथ फोटो शेयर करते रहते हैं। बता दें उन्होंने मशहूर उद्योगपति अशोक मेहता की बेटी अंजलि से 24 मई 1995 को शादी की थी। सचिन ने करीब दो दशकों तक भारतीय क्रिकेट टीम में अपना जलवा दिखाने के बाद साल 2013 में क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, हालांकि क्रिकेट प्रेमियों के दिलों में आज भी उनके लिए विशेष स्थान है।