22 दिसंबर 2025,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan Politics : सिर्फ 10 दिन का मंत्री सुख, हार के साथ त्यागना होगा पद, भजनलाल सरकार को लगा करारा झटका

Surendra Pal Singh TT : भजनलाल सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार 29 दिसंबर 2023 को हुआ था, जिसमें सुरेंद्र पाल सिंह टीटी को बिना चुनाव जीते ही मंत्री पद देकर भजनलाल सरकार ने सभी को चौंका दिया था। इसी दिन सुरेंद्र पाल ने राज्य मंत्री पद पर पद और गोपनीयता की शपथ भी ली थी।

3 min read
Google source verification
Shri Karanpur Assembly Election Result Surendra Pal Singh TT

राजस्थान की श्रीकरणपुर विधानसभा सीट पर चौंकाने वाले नतीजे आये हैं। यहां कांग्रेस प्रत्याशी रुपिंदर सिंह कुन्नर ने भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र पाल सिंह टीटी पर ज़बरदस्त जीत हासिल की है। कांग्रेस प्रत्याशी की ये जीत सभी को इसलिए चौंका रही है, क्योंकि भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र पाल को मौजूदा भजनलाल सरकार में मंत्री बनाया गया था।

पहले टेस्ट में फेल हुई 'सरकार'!
इस विधानसभा सीट के परिणाम को भजनलाल सरकार के पहले टेस्ट के रूप में देखा जा रहा था। सरकार ने अपने मंत्रिमंडल में भाजपा प्रत्याशी सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी को मतदान से पहले ही राज्य मंत्री बना दिया था। इसके अलावा टीटी के लिए सीएम, डिप्टी सीएम व केंद्रीय मंत्रियों के अलावा कई विधायक और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष तक चुनाव प्रचार कर चुके हैं।

उधर, कांग्रेस के लिए भी यह चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ था। कांग्रेस ने जिला निर्वाचन अधिकारी, राज्य निर्वाचन अधिकारी और मुख्य चुनाव आयुक्त को भाजपा पर आचार संहिता के उल्लंघन करते हुए टीटी को मंत्री बनाने की शिकायत की थी। इसके साथ-साथ कांग्रेस की ओर से भी कई दिग्गजों ने प्रत्याशी रूबी कुन्नर के पक्ष में चुनाव प्रचार किया था।

सिर्फ 10 दिन के मंत्री
भजनलाल सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार 29 दिसंबर 2023 को हुआ था, जिसमें सुरेंद्र पाल सिंह टीटी को बिना चुनाव जीते ही मंत्री पद देकर भजनलाल सरकार ने सभी को चौंका दिया था। इसी दिन सुरेंद्र पाल ने राज्य मंत्री पद पर पद और गोपनीयता की शपथ भी ली थी। इस लिहाज़ से सुरेंद्र पाल सिंह टीटी सिर्फ 10 दिन तक ही मंत्री पद पर रहे। अब इनका नाम राजस्थान सरकार में सबसे कम अवधि के मंत्री होने की फहरिस्त में शामिल हो गया है।

छोड़ना होगा मंत्री पद
विधानसभा चुनाव में मिली हार के साथ ही भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र पाल सिंह टीटी को सरकार में मिला मंत्री पद त्यागना होगा। चुनाव से पहले उन्हें मंत्री बनाये जाने को लेकर पिछले दिनों सियासी पारा गर्माया हुआ था। टीटी को मंत्री बनाये जाने पर कांग्रेस ने भाजपा पर इसे आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया था।

कांग्रेस पार्टी में ख़ुशी की लहर

श्रीकरणपुर चुनाव के नतीजों से कांग्रेस खेमे में ख़ुशी की लहर दौड़ गई। पूर्व सीएम अशोक गहलोत और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने फ़ौरन इन नतीजों पर अपनी प्रतिक्रियाएं जारी कीं। दोनों नेताओं ने कांग्रेस प्रत्याशी रुपिंदर सिंह कुन्नर को बधाई तो दी ही, साथ ही भाजपा को निशाने पर लेने से भी नहीं चूके।

जनता ने भाजपा के अभिमान को हराया : गहलोत
पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा, 'श्रीकरणपुर में कांग्रेस प्रत्याशी रुपिन्दर सिंह कुन्नर को जीत की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह जीत स्व. गुरमीत सिंह कुन्नर के जनसेवा कार्यों को समर्पित है। श्रीकरणपुर की जनता ने भारतीय जनता पार्टी के अभिमान को हराया है। चुनाव के बीच प्रत्याशी को मंत्री बनाकर आचार संहिता और नैतिकता की धज्जियां उड़ाने वाली भाजपा को जनता ने सबक सिखाया है।'

जनता ने इनका मंत्री बदल दिया : डोटासरा
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कांग्रेस प्रत्याशी की भाजपा प्रत्याशी पर जीत को लेकर चुटकी ली। उन्होंने कहा, 'भाजपा की नई “पर्ची सरकार” इधर कांग्रेस की योजनाओं के नाम बदलती रही, उधर जनता ने इनका मंत्री ही बदल दिया। भाजपा ने आचार संहिता की धज्जियां उड़ा कर अपने प्रत्याशी को मंत्री बनाया। चुनाव आयोग भी शांत रहा, लेकिन वहां की जनता ने अपना फैसला सुना दिया।'

डोटासरा ने कहा 'यह जनादेश भाजपाई तानाशाही एवं अलोकतांत्रिक नीति पर करारा तमाचा है।कांग्रेस के विजयी प्रत्याशी श्री रूपिंदर सिंह कुन्नर जी को जीत की हार्दिक बधाई एवं समस्त कार्यकर्ताओं का हृदय से धन्यवाद।'