21 जनवरी 2026,

बुधवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Alien : लैब टैस्ट में खुलासा, मैक्सिको में दिखाए गए कंकाल एलियन के ही थे, पेट में मिला अंडा

रिपोर्ट के मुताबिक एलियन के ये कंकाल (ममीकृत शव) न तो नकली हैं और न ही इनसे छेड़छाड़ या जोड़-तोड़ की गई। भौतिक विज्ञानी ब्रायन कॉक्स ने इस दावे का समर्थन करते हुए कहा, ये कंकाल वास्तविकता के करीब हैं। करीब एक हजार वर्ष पुराने ये कंकाल पेरू के कुस्को में खुदाई के दौरान मिले थे।

2 min read
Google source verification
लैब टैस्ट में खुलासा, मैक्सिको में दिखाए गए कंकाल एलियन के ही थे, पेट में मिला अंडा

कंकालों का लैब टेस्ट किया गया।

मेक्सिको सिटी. पिछले सप्ताह मेक्सिको की संसद में दिखाए गए दो कंकालों की लैब जांच के बाद वैज्ञानिकों ने फिर दावा किया है कि ये एलियन के ही हैं। कथित एलियन के कंकालों का कई वैज्ञानिकों की मौजूदगी में लैब टेस्ट किया गया। लैब में जांच करने वाले नौसेना के फॉरेंसिक डॉक्टर जोस डी. जीसस बेनिटेज ने कहा, कंकालों की जांच से पता चलता है कि ये किसी समय जीवित थे। इन दोनों में एक मादा का कंकाल है, जिसके पेट में अंडे दिखे हैं। ऐसी संभावना है कि मौत से पहले ये गर्भवती रही होगी। बेनिटेज ने कहा, इन कंकालों का इंसानों से कोई लेना देना नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक एलियन के ये कंकाल (ममीकृत शव) न तो नकली हैं और न ही इनसे छेड़छाड़ या जोड़-तोड़ की गई। भौतिक विज्ञानी ब्रायन कॉक्स ने इस दावे का समर्थन करते हुए कहा, ये कंकाल वास्तविकता के करीब हैं। करीब एक हजार वर्ष पुराने ये कंकाल पेरू के कुस्को में खुदाई के दौरान मिले थे।

पिछले हफ्ते वैज्ञानिकों ने चौंकाया
पिछले हफ्ते मेक्सिको की संसद में यूएफओलॉजिस्ट जेम मैसन ने इन कंकालों को प्रदर्शित करते हुए कहा था कि ये विश्व के इतिहास में अब तक की सबसे अहम खोजों में एक है। मैसन ने कहा कि इस नमूने का हाल ही ऑटोनॉमस नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ मेक्सिको (यूएनएएम) में अध्ययन किया गया था, जहां वैज्ञानिकों ने रेडियोकार्बन डेटिंग के आधार पर साक्ष्य हासिल करने में सफलता हासिल की थी।

इधर पेरू सरकार ने आपराधिक जांच शुरू की
कथित एलियन के कंकालों के दावों के बीच पेरू सरकार ने इस बात की आपराधिक जांच शुरू कर दी है कि ये पूर्व हिस्पैनिक ममीकृत कंकाल देश से बाहर कैसे पहुंचे और ये मैसन के कब्जे में कैसे आए? हालांकि मैसन ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा, उन्होंने कुछ भी अवैध नहीं किया है। उचित समय आने पर वह सब सच बता देंगे।

वैज्ञानिक स्पर्गेल ने बताया क्रिमिनल स्टंट
हालांकि कुछ वैज्ञानिकों ने दुनियाभर में वायरल हो रहे कथित एलियन ममी को खारिज करते हुए इसे एक क्रिमिनल स्टंट बताया था। नासा के वैज्ञानिक डॉ. डेविड स्पर्गेल ने सवाल किया था कि मैसन कथित एलियन के शवों का डाटा सार्वजनिक क्यों नहीं कर रहे हैं। आपको बता दें कि ये पहली बार नहीं है कि मौसन ने किसी अलौकिक प्राणी को खोजने का दावा किया है। 2015 में उन्होंने कहा था कि पेरू में नाज्का के पास मिला ममीकृत शव किसी एलियन का था, लेकिन वह इंसान का बच्चा निकला।