Sky Night Tourism: पर्यटन निगम नए पर्यटन सीजन से पहले नाहरगढ पर संचालित पड़ाव रेस्टोरेंट को नया लुक देने की तैयारियां कर रहा है।
पत्रिका न्यूज नेटवर्क/जयपुर। Sky Night Tourism: पर्यटन निगम नए पर्यटन सीजन से पहले नाहरगढ पर संचालित पड़ाव रेस्टोरेंट को नया लुक देने की तैयारियां कर रहा है। जिससे देश विदेश से आने वाले सैलानी एक नया अनुभव ले सकें। यहां पर्यटन निगम स्काई नाइट टूरिज्म शुरू करने के लिए अत्याधुनिक दूरबीन लगाने की योजना बना रहा है। सैलानी दिन में तो दूरबीन से शहर का नजारा देख ही सकेंगे वहीं रात को चांद, तारों की रोशनी में शहर की विरासत को निहार सकेंगे। इसके अलावा यहां सैलानियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 40 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।
गढ़ से दिखेगी शहर की छटा
पर्यटन स्थलों पर स्काई नाइट टूरिज्म का चलन तेजी से बढ़ रहा है। इसी तर्ज पर निगम नाहरगढ पड़ाव रेस्टोरेंट पर दूरबीन लगाने की योजना बनाई जा रही है। पीपीपी मॉडल पर पड़ाव रेस्टोरेंट पर दूरबीन लगाने पर मंथन चल रहा है, जिससे खर्च के साथ आय भी हो सके। इसके लिए पुरातत्व विभाग के साथ बात चल रही है। पर्यटन निगम के अधिकारियों का कहना है कि इतनी उंचाई से शहर का नजारा देखना किसी भी सैलानी के लिए रोमाचिंत करने जैसा होगा।
ये सुविधाएं भी होंगी विकसित
पर्यटन निगम पडाव रेस्टोरेंट पर सैलानियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बुनियादी सुविधाओं को भी मजबूत कर रहा है। रेस्टोरेंट पर नए टॉयलेट्स बनाए जाएंगे। इसके साथ ही टिनशेड में फॉल सिलिंग लगाकर एयरकंडीशन लगाया जाएगा। जिससे बारिश और गर्मी के मौसम में सैलानी वहां आसानी से बैठ सकें। साथ ही चार कियोस्क भी बनाए जाएंगे, जहां सैलानी कुछ देर बैठकर अपनी थकान दूर कर सकेंगे।
अतिथि देवो भव। नए सीजन की तैयारियां हम कुछ इसी तरह से कर रहे हैं। नाहरगढ़ पड़ाव रेस्टोरेंट पर दूरबीन लगाने, अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की योजना पर काम कर रहे हैं। -वीपी सिंह, प्रबंध निदेशक, राजस्थान पर्यटन निगम