3 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान के मुख्यमंत्री अपने स्मृति चिन्ह और उपहारों की 25 को नीलामी कर गरीबों को जुटाएंगे फंड

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत उन्हें मिले स्मृति चिन्हों और उपहारों को नीलाम कर गरीबों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री सहायता कोष में फण्ड जुटाएंगे। इसके लिए 200 स्मृति चिन्ह और उपहारों की 25 अप्रेल को ऑनलाइन नीलामी की जा रही है। गहलोत मुख्यमंत्री रहते अपने पिछले कार्यकालों में भी इस तरह उपहार नीलाम कर चुके हैं।

2 min read
Google source verification
राजस्थान के मुख्यमंत्री के स्मृति चिन्ह-उपहारों की 25 को होगी नीलामी

राजस्थान के मुख्यमंत्री के स्मृति चिन्ह-उपहारों की 25 को होगी नीलामी

जयपुर।
अशोक गहलोत को मुख्यमंत्री रहते मिले स्मृति चिन्हों एवं उपहारों का ऑनलाइन ऑक्शन 25 अप्रेल को किया जाएगा। इसके लिए तैयार की गई वेबसाइट rajcmmementos.com मुख्यमंत्री ने लॉन्च कर दी है। ऑनलाइन ऑक्शन के बाद 3 मई को ऑफलाइन ऑक्शन होगा। ऑक्शन करीब 200 स्मृति चिन्ह एवं उपहारों का किया जाएगा।

इस मौके पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि जब-जब भी देश के किसी राज्य में कोई प्राकृतिक आपदा या संकट की घड़ी आई तब-तब प्रदेशवासियों ने मुख्यमंत्री सहायता कोष या अन्य माध्यमों के जरिये खुले दिल से सहयोग किया है। विपदा में पीड़ित की मदद करना राजस्थान की महान परम्परा रही है, जिस पर हम सभी को गर्व है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की घड़ी में पीड़ित का हाथ थामने की इस गौरवशाली परंपरा पर आगे बढ़ते हुए मैंने स्मृति चिन्हों को ऑनलाइन माध्यम से ऑक्शन करने की यह पहल की है। हमारा प्रयास है कि ऑक्शन से प्राप्त राशि का उपयोग जरूरतमंद एवं गरीब तबके के रोगियों के उपचार के लिए गैप फंडिंग के रूप में किया जाए। इसके लिए मुख्यमंत्री सहायता कोष के भीतर निरोगी राजस्थान के नाम से अलग से फंड बनेे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार प्रिवेंटिव मेडिसिन को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।

गहलोत ने कहा कि इस नवाचार से ऑक्शन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी हो सकेगी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने प्रदेशवासियों को इलाज के खर्च से चिंतामुक्त करने के लिए चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा जैसी महत्वाकांक्षी योजना शुरू की है। इसमें 10 लाख रूपए तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री निःशुल्क निरोगी राजस्थान योजना के तहत चिकित्सा संस्थानों में आईपीडी एवं ओपीडी सेवाएं भी निःशुल्क कर दी गई हैं।

भारत सेवा संस्थान के उपाध्यक्ष एवं राजस्थान लघु उद्योग विकास निगम के अध्यक्ष राजीव अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री गहलोत की पहल पर पूर्व में भी कारगिल युद्ध में शहीद हुए जवानों एवं सुनामी से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए स्मृति चिन्ह ऑक्शन कार्यक्रम में लोगों ने खुले दिल से सहयोग किया था। गुजरात में भूकंप, कश्मीर तथा केरल में बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए भी कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। अब इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए ऑनलाइन माध्यम से इनका ऑक्शन करने की पहल की गई है। जो वेबसाइट लॉन्च हो रही है उसमें कोई भी व्यक्ति प्रदर्शित स्मृति चिन्हों को देख सकता है। वेबसाइट पर स्मृति चिन्ह की न्यूनतम दर भी प्रदर्शित की गई है। आगामी 25 अप्रेल को ऑनलाइन ऑक्शन किया जाएगा। इसके बाद 3 मई को स्मृति चिन्हों एवं उपहारों का ऑफलाइन ऑक्शन भी होगा। इस मौके पर संस्थान के सचिव जी.एस. बाफना सहित कई अधिकारी मौजूद थे।

Story Loader