
राजस्थान सरकार की टेंशन बढ़ा सकते हैं कर्मचारी
जयपुर। प्रदेश की कांग्रेस सरकार की एक बार फिर से मुसीबतें बढ़ सकती है। चुनावी साल और बजट से पहले विभिन्न संगठन सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रहे हैं। इसी कड़ी में अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ एकीकृत की कोर कमेटी की महत्त्वपूर्ण बैठक रविवार को होगी। यह बैठक एसएमएस अस्तपाल के जेएमए सभागार में होगी।
महासंघ के प्रदेश महामंत्री विपिन प्रकाश शर्मा ने बताया कि बैठक में महासंघ से जुड़े 45 संगठनों के प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्री सहित राज्यभर से महासंघ जिलाध्यक्ष और जिला मंत्री सहित प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी भाग लेंगे। बता दें कि सरकार को महासंघ की ओर से 15 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया था। इन मांगों को लेकर जिला स्तर से संभाग स्तर ध्यानाकर्षण आंदोलन प्रदर्शन भी किए गए। लेकिन, सरकार की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ऐसे में अब कर्मचारी अपनी मांगों के लिए राजधानी में बड़े प्रदर्शन करने की रणनीति के लिए बैठक में निर्णय करेंगे। प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र राना ने कहा कि अब कर्मचारी सरकार से मांगों के लिए आर—पार की लड़ाई के लिए तैयार हैं। बैठक की अध्यक्षता महासंघ प्रमुख महेंद्र सिंह करेंगे।
Published on:
28 Jan 2023, 7:46 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.