
जयपुर. बाजारों को अतिक्रमण मुक्त करने की मुहिम सोमवार को चौड़ा रास्ता और जौहरी बाजार में भी शुरू हुई। नगर निगम ने दोनों बाजारों में पुलिसकर्मी व गार्ड लगाए, उन्होंने अतिक्रमण करने वालों से समझाइश करने के साथ कार्रवाई भी की। पत्रिका रिपोर्टर ने बाजार में निगम मुहिम की हकीकत देखी। फुटपाथ पर किताबें बेचने, सड़क पर ठेले वालों और निगमकर्मियों के बीच 'आंख मिचौनी' जैसा नजारा देखने को मिला।
दोनों बाजारों में निगम ने सुबह 11 से शाम 5 बजे तक सुरक्षा गार्ड लगाए हैं। ये गार्ड अतिक्रमण करने वालों से समझाइश करने के साथ अतिक्रमण पर नजर रखेंगे। चौड़ा रास्ता में ठेले व अन्य सामान भी जब्त किया गया। जौहरी बाजार में सिर्फ समझाइश में ही पहला दिन निकाल दिया। हालांकि शाम को दोनों बाजारों में पहले जैसा हाल हो गया।
चौड़ा रास्ता में तीन सुरक्षाकर्मी घूमते मिले। अतिक्रमण करने वालों से समझाइश करते दिखाई दिए, वहीं ठेले वालों को बाजार से हटाते मिले। पीछे सुरक्षाकर्मी समझाइश करते आ रहे थे, उन्हें देख आगे फुटपाथ व सड़क पर दुकानें लगाने वाले सामान समेटते दिखे। वहीं ठेले वाले गलियों में ठेला ले जाते दिखाई दिए। चौड़ा रास्ता में एक ठेले वाले से समझाइश कर रहे पुलिसकर्मी ने बताया कि एक दिन पहले ही ठेला जब्त किया था, आज दूसरा ठेला लाकर लगा लिया। यही हाल जौहरी बाजार में देखने को मिला, यहां दो सुरक्षाकर्मी अतिक्रमण हटाने के लिए समझाइश करते नजर आए।
यहां भी मॉनिटरिंग जारी
निगम ने चांदपोल और किशनपोल बाजार में अतिक्रमण हटाने के साथ मॉनिटरिंग के लिए सुरक्षा गार्ड लगा रखे हैं। इन बाजारों में इसका असर भी दिखाई दे रहा है। दिनभर बाजार के बरामदे खाली नजर आते हैं। इससे ग्राहकों को राहत मिल रही है। हालांकि सुरक्षा गार्ड शाम 5 बजे तक ही रहते हैं, उसके बाद कुछ जगह फिर से अतिक्रमण दिखाई देने लग जाता है।
पहले दिन समझाइश
चौड़ा रास्ता व जौहरी बाजार में भी गार्ड लगा दिए हैं, पहले दिन समझाइश की गई है, अब अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
- पुष्पेन्द्र सिंह राठौड़, उपायुक्त सतर्कता निगम
बाजार अतिक्रमण मुक्त होने चाहिए, इसके लिए व्यापारी निगम के साथ हैं। सड़क के भी स्थायी अतिक्रमण हटने चाहिए।
- विवेक भारद्वाज, अध्यक्ष चौड़ा रास्ता व्यापार मंडल
Published on:
24 Feb 2026 10:37 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
