14 अगस्त 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बरवास के तीन मंदिरों में चोरों का धावा, चांदी के आभूषण ले गए

जयपुर

image

Newsdesk

Aug 14, 2026

Rajasthan

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात, पुलिस ने शुरू की जांच

बरवास. बुधवार देर रात बरवास क्षेत्र के ब्रह्माणी माता मंदिर, मंशापूर्ण बालाजी मंदिर और चूली स्थित बालाजी मंदिर में अज्ञात चोरों ने चोरी का प्रयास किया। मंशापूर्ण बालाजी मंदिर से चोर विग्रह पर लगी चांदी की आंखें, नाक, भौंहें तथा हाथ-पैरों के चांदी के कड़े निकालकर ले गए। वहीं मंदिर कार्यालय व अन्य कमरों के ताले तोड़कर वहां रहने वाले लोगों की नकदी भी चोरी कर ली।

मंदिर समिति के अनुसार, रात करीब 12 बजे के बाद दो अज्ञात चोर मंदिर परिसर में दाखिल हुए। पास की धर्मशाला में मजदूर और राजमिस्त्री सो रहे थे। चोरों ने मंदिर कार्यालय एवं अन्य कमरों के ताले तोड़े और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद ब्रह्माणी माता मंदिर की पिछली तरफ लगी एल्यूमिनियम की जाली और खिड़की तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया।

चौकीदार के शोर मचाने पर भागे

ब्रह्माणी माता मंदिर में चौकीदार किशन साहू सो रहे थे। खिड़की तोड़ने की आवाज सुनकर उनकी नींद खुल गई। उन्होंने शोर मचाया तो पास में सो रहे मजदूर व राजमिस्त्री भी जाग गए। लोगों के जागने पर चोर मौके से भाग निकले। घटना की सूचना ग्रामीणों और मेहंदवास पुलिस को रात में ही दी गई।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

रात करीब एक बजे मंदिर समिति के सदस्य मौके पर एकत्रित हो गए। मेहंदवास थाने से एएसआई शंकर सिंह व कांस्टेबल मौके पर पहुंचे। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की पूरी वारदात कैद हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। गुरुवार सुबह थाना प्रभारी ने भी मौके का निरीक्षण किया और ग्रामीणों को जल्द चोरों को पकड़ने का आश्वासन दिया।