जयपुर. जयपुर के रास्ते अजमेर से नई दिल्ली के बीच प्रदेश की पहली वंदेभारत ट्रेन (Vande Bharat Train) का ट्रायल रन शुरु हो गया है। मंगलवार रात 9.45 बजे प्रदेश की पहली वंदेभारत ट्रेन जयपुर जंक्शन (Jaipur Junction) के प्लेटफार्म संख्या एक पर पहुंची। उसे देखकर न केवल रेलवे अधिकारी-कर्मचारी बल्कि यात्रियों के चेहरे खिल उठे। ट्रेन जंक्शन पर महज पांच मिनट रूकी, लेकिन सैकड़ों लोगों ने इस पल को मोबाइल फोन में कैद किया। दरअसल, वंदेभारत ट्रेन (Jaipur Vande Bharat Train) का जयपुर होते हुए अजमेर से नई दिल्ली के बीच ट्रायल रन शुरू हुआ है। यह प्रदेश की पहली हाइराइज ट्रेन है। इसमें स्पेशल पेंटोग्राफ लगाया गया है। यह अजमेर से रात 8 बजे रवाना होकर रात 9.45 बजे जयपुर पहुंची। पांच मिनट ठहराव के बाद नई दिल्ली के लिए रवाना होकर रात 12.40 बजे रेवाड़ी पहुंची। यहां कुछ देर रुकने के बाद रवाना होकर रात 2 बजे दिल्ली पहुंची।
टूटा हुआ दिखा कांच
ट्रायल के दौरान ही ट्रेन का एक कांच क्षतिग्रस्त नजर आया। उसमें एक बड़ा छेद दिख रहा था।
फैक्ट फाइल
अधिकतम स्पीड : 160 किलोमीटर प्रतिघंटा
वर्तमान स्पीड : 110 किलोमीटर प्रतिघंटा
बॉडी की लम्बाई : 24 हजार एमएम
चौड़ाई : 3240 एमएम
कोच : कुल 16 कोच; 12 सामान्य, 2 एग्जीक्यूटिव व 2 ड्राइविंग कोच
टॉयलेट्स : 2
सीट चेयर कार : 78 सीट
सीट एक्जीक्यूटिव कार : 52 सीट