
जयपुर। प्रदेश में 10 माह के बाद होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे अब पूरी तरह से एक्टिव मोड में है। पार्टी कार्यक्रमों से दूरी बनाने वाली वसुंधरा राजे एकला चलो की राह पर विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई हैं। पूर्व में जहां देव दर्शन यात्रा के जरिए अपना शक्ति प्रदर्शन दिखा चुकीं वसुंधरा राजे इस बार अपने जन्मदिन के बहाने बड़ा शक्ति प्रदर्शन करके पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का भी ध्यान आकर्षित करना चाहती हैं।
हालांकि की वसुंधरा राजे का जन्मदिन 8 मार्च को आता है लेकिन होली पर्व को देखते हुए वसुंधरा राजे ने 4 मार्च को ही अपना जन्मदिन मनाए जाने का फैसला किया है। वसुंधरा समर्थक नेताओं की माने तो पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे इस बार चूरू के सालासर धाम में अपना जन्मदिन मनाएंगी और पूजा-अर्चना करेंगी। हालांकि पूर्व में वसुंधरा राजे अपने अधिकांश जन्मदिन आदिवासी अंचल के त्रिपुरा सुंदरी मंदिर और बेणेश्वर धाम में मनाती आई हैं लेकिन इस बार वसुंधरा राजे ने अपना जन्मदिन मनाने के लिए चूरू के सालासर धाम को चुना है।
समर्थकों का दावा, सादगी से मनाया जाएगा जन्मदिन
इधर वसुंधरा गुट के नेताओं की मानें तो पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे अपना जन्मदिन चूरू के सालासर धाम में सादगी से मनाएंगी लेकिन पार्टी में ही अंदर खाने चर्चा है कि जिस तरह से वसुंधरा समर्थक प्रदेश भर में सक्रिय हुए हैं और प्रदेश भर से उनके समर्थक नेताओं कार्यकर्ताओं को सालासर धाम पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
इस बात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वसुंधरा राजे के विश्वस्त नेताओं में शुमार कई बड़े नेता भी वसुंधरा राजे के जन्मदिन को भव्य बनाने की तैयारियों में जुटे हुए हैं इनमें एक पूर्व प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष, एक पूर्व मंत्री और कई वर्तमान विधायक भी शामिल हैं।
जन्मदिन के लिए सालासर धाम को इसलिए भी चुना वसुंधरा राजे ने
विश्वस्त सूत्रों की माने तो चूरू के सालासर धाम को जन्मदिन मनाए जाने के लिए इसलिए भी चुना गया है क्योंकि चूरू जिला विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की कर्म भूमि है तो वहीं प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सतीश पूनिया की जन्मभूमि भी चूरू ही है। सतीश पूनिया चूरू के राजगढ़ से आते हैं तो वहीं राजेंद्र राठौड़ चूरू से लगातार विधायक हैं। दोनों ही नेताओं को पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का विरोधी माना जाता है। ऐसे में चूरू के सालासर धाम में शक्ति प्रदर्शन के जरिए वसुंधरा गुट की ओर से इन दोनों नेताओं को भी सियासी संदेश दिया जाएगा।
लंबे समय से पार्टी कार्यक्रमों से दूरी बनाए हुए वसुंधरा राजे
इधर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे लंबे समय से पार्टी कार्यक्रमों से दूरी बनाए हुए हैं। पार्टी के अधिकांश कार्यक्रमों में वसुंधरा राजे गैरहाजिर ही रही है तो वहीं उनके समर्थक विधायक और नेता भी पार्टी कार्यक्रमों से दूरी बनाए हुए रहते हैं। पूर्व में वसुंधरा राजे ने देव देव दर्शन यात्रा के जरिए जनता से संवाद शुरू किया था लेकिन पार्टी हाईकमान की ओर से अलग-अलग यात्रा निकाले जाने पर आपत्ति दर्ज कराई गई थी जिसके बाद वसुंधरा राजे ने अपनी देव दर्शन यात्रा स्थगित कर दी थी।
राठौड़ पर रहेगी नजर
इधर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भले ही चूरू के सालासर में जन्मदिन मना रही मना रही हों लेकिन सबकी नजर विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ पर रहने वाली है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि राजेंद्र राठौड़ पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को जन्मदिन की बधाई देने सालासर जाएंगे या नहीं? वहीं चर्चा यह भी है कि राजेंद्र राठौड़ के धुर विरोधी माने जाने वाले पूर्व सांसद वसुंधरा राजे के जन्मदिन को लेकर सक्रिय हो गए हैं और तैयारियों में जुटे हुए हैं। ऐसे में कयास भी लगाए जा रहे हैं रामसिंह कस्वा के सक्रिय होने के बाद भी राजेंद्र राठौड़ वसुंधरा के जन्मदिन समारोह में जाएंगे या फिर नहीं।
Updated on:
25 Feb 2023 11:52 am
Published on:
25 Feb 2023 11:24 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
