
rajasthan political news 'मिशन 2030' के तहत मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शनिवार शाम को बीकानेर के एमएम ग्राउंड पहुंचे। यहां उन्होंने भुजिया पापड़ नमकीन उद्योग से जुड़े लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना। साथ ही युवाओं से संवाद कर युवाओं को साधने का प्रयास किया। संवाद के बाद ग्राउंड में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि उद्योग से जुड़े लोगों से संवाद कर अच्छा लगा। उन्होंने जो समस्याएं बताई, उन्हें दूर करने की सरकार पूरी कोशिश करेगी। भुजिया, पापड़ उद्योग राजस्थान सहित पूरे देश में प्रसिद्ध है।
साथ ही, छात्रा से संवाद कर छात्र-छात्राओं की समस्याओं को भी जाना। छात्रा ने जो सुझाव दिए, उनपर भी हम विचार कर पूरा करने की कोशिश करेंगे। प्रदेश में आईआईटी, आईआईआईएम जैसे संस्थान खुल रहे हैं। प्रदेश में पहले अकाल पड़ता था, रोजगार की व्यवस्था करनी पड़ती थी, पानी की व्यवस्था करनी पड़ती थीे, पशुओं के लिए चारे का प्रबंधन करना पड़ता था। प्रदेश में धीरे धीरे बदलाव हुए।
सोच-समझकर किया शुरू
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने मिशन 2030 बहुत सोच समझकर शुरू किया। इसी बहाने पूरे प्रदेश में प्रोग्राम कर रहे हैं। लोगों ने हमें ऑनलाइन और ऑफलाइन सुझाव भेजें। इनका हम अध्यनन कर रहे हैं। लोगों ने सकारात्मक सुझाव भेजें, तो कई लोगों ने निगेटिव सुझाव भी भेजें। हमने इनका बुरा नहीं माना। इनसे हमे पता चलेगा कि कमी कहा है, ताकि इन्हें दूर कया जा सके। मिशन 2030 को लेकर डॉक्यूमेंट बना रहे हैं, प्रदेश की आने वाली पीढ़ी के लिए काम आएगा यह मिशन।
पांच साल में खोले 300 से ज्यादा कॉलेज
लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, आपके आशीर्वाद से पहली बार 1998 में प्रदेश का मुख्यमंत्री बना। उस वक्त प्रदेश में महज 6 विश्वविद्यालय थे। हमारे बच्चे पुणे, दिल्ली, महाराष्ट्र आदि राज्यों/शहरों में पढऩे के लिए जाते थे। हमने 5 साल में 310 कॉलेज खोल दिए। इनमें 130 कॉलेज लड़कियों के लिए हैं। जिन स्कूल में 500 लड़कियां पढ़ेंगी वहां कॉलेज बना दिया जाएगा। हमारी सरकार शिक्षा को तवज्जो दे रहे हैं। हमने हर जरूरी चीज के लिए पॉलिसी बना चुके हैं।
नरेगा कानून से आई क्रांति
उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने नरेगा कानून बनाया जो देश में क्रांति लेकर आया। कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहे, इसके लिए भी कानून बनाया। यूपीए सरकार ने ही लोगों को सूचना का अधिकार (आरटीआई) कानून दिया।
राइट टू हेल्थ का अधिकार दिया
मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि हमने राइट टू हेल्थ का कानून बनाया जिससे लोगों को अच्छे इलाज का लाभ मिल सके। यह कानून बनाने वाला राजस्थान देश का एकमात्र राज्य है। हमने सबसे बड़ी हेल्थ स्कीम आरजीएचएस भी लागू की। राजस्थान में 25 लाख का बीमा है, पूरे देश में कहीं नहीं है। राजस्थान देशभर में चर्चा का कारण बन गया है। हमारे साले फैसले पूरे देश में चर्चा का विषय बने हुए हैं।
लागू किया ओपीएस
कर्मचारियों का ख्याल रखते हुए हमने फिर से ओल्ड पेंशन स्कीम (ओपीएस) लागू की। इस स्कीम को लागू करने के बाद दूसरे राज्यों में भी इसे लागू करने पर विचार किया जा रहा है। अधिकांश काम ऐसे हैं जो सिर्फ राजस्थान में ही रहे हैं।
जीडीपी के मामले में राजस्थान दूसरे नंबर पर
उन्होंने आगे कहा कि जीडीपी के मामले में आंध्रप्रदेश पहले स्थान पर, जबकि राजस्थान दूसरे स्थान पर है। आंध्र की जीडीपी 11.40 है और राजस्थान की 11.04 है। उत्तर भारत में जीडीपी के मामले में हम नंबर वन हैं। आर्थिक रूप से हम आगे बढ़ रहे हैं। 2030 तक जीडीपी 30 लाख करोड़ करने का इरादा है।
3 लाख युवाओं को रोजगार दिए
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने 3 लाख युवाओं को रोजगार दिया है। करीब एक लाख संविदा कर्मियों को पक्का करने का फैसला कर लिया है। इसके लिए नियम कायदे बन रहे हैं। साथ ही स्थायी, अस्थायी कर्मचारियों को संतुष्अ करने का प्रयास कर रहे हैं।
भीलवाड़ा मॉडल की पूरी दुनिया ने की तारीफ
गहलोत ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना काल के दौरान भीलवाड़ा मॉडल की विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) सहित पूरी दुनिया ने तारीफ की थी। उस दौरान दवाओं की जरूरत पड़ी तो चार्टर विमान भेजकर दवाईयां मंगवाई।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को बीकानेर दौरे पर आए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा, शिक्षा मंत्री डॉ बीड़ी कल्ला भी साथ रहे। संवाद जनसभा में कोचिंग संस्थानों के युवा, एनएसयुआई के नेता और युवक कांग्रेस के नेता झंडे लेकर पहुंचे। नमकीन उद्योगों के व्यापारियों के साथ फैक्ट्रियों में काम करने वाली महिला और पुरुष श्रमिक बड़ी संख्या में पहुंची। कुलमिलाकर करीब तीन हजार की तादाद वाली इस सभा कम संवाद में टिकट के दावेदार कांग्रेसी भी समर्थकों के साथ पहुंचे।
वर्चुअल किया साईकिल वेलोड्रम का लोकार्पण
सीएम गहलोत ने एमएम ग्राउंड में मंच से वर्चुअल रूप में महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के नव निर्मित साईकिल वेलोड्रम का लोकार्पण किया। इस दौरान शिक्षा मंत्री डॉ बीड़ी कल्ला भी मौजूद रहे। सीएम ने बीकानेर के रानीबाजार रेलवे अंडरपास का लोकार्पण, राजरतन बिहारी मंदिर जीर्णोद्धार और विकास कार्य का शिलान्यास, लक्ष्मीनाथ मंदिर में विकास और जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास तथा 132 केवी ग्रिड सब स्टेशन हिम्मटसर मुकाम का लोकार्पण भी वर्चुअल किया।
Published on:
30 Sept 2023 07:33 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
