scriptसेना के शौर्य और पराक्रम से गूंजी फायरिंग रेंज | - Army showed firepower on Army Day | Patrika News
जैसलमेर

सेना के शौर्य और पराक्रम से गूंजी फायरिंग रेंज

– सेना दिवस पर आर्मी ने दिखाई मारक क्षमता- हथियारों के साथ तालमेल का प्रदर्शन

जैसलमेरJan 15, 2024 / 08:30 pm

Deepak Vyas

सेना के शौर्य और पराक्रम से गूंजी फायरिंग रेंज

सेना के शौर्य और पराक्रम से गूंजी फायरिंग रेंज

सेना दिवस के अवसर पर जिले की पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में जैसलमेर में स्थापित सेना की दक्षिण कमान की बेटल एक्स डिविजन ने शौर्य और पराक्रम की मिसाल पेश की। इस संबंध में किए गए प्रदर्शन के दौरान सेना ने अत्याधुनिक हथियारों की मारक क्षमता के साथ सैनिकों के बीच आपसी तालमेल का बेजोड़ उदाहरण पेश किया। दुश्मन की मांद में घुस कर उसे धूल धुसरित करने में जवानों ने बला की फुर्ती दिखाई तो टैंकों के गोलों से काल्पनिक निशानों को सफलतापूर्वक नष्ट किया गया। सेना ने इस अभ्यास को लड़ाई के लिए ताकत बनाने का नाम दिया। सदर्न कमांड ने इस अभ्यास से जुड़े फोटो व विवरण को साझा भी किया है। जानकारी के अनुसार यह अभ्यास मुख्यत: आपातकालीन हालात में सेना की बेटल एक्स डिविजन की तैयारियों को परखने के लिए किया गया था। सेना ने बताया कि लड़ाई के मोर्चे पर दुश्मन के इलाके में घुस कर वह कैसे उसके नापाक मंसूबों पर पानी फेरने में सक्षम है। गौरतलब है कि पोकरण रेंज में सेना और वायुसेना समय-समय पर युद्धाभ्यास कर अपने हथियारों की ताकत व उनकी सटीकता के साथ जवानों के कौशल को परखती रही है।

धमाकों की गूंज से थर्राया थार

पोकरण रेंज में अभ्यास के दौरान टैंकों से किए गए धमाकों की गूंज से रेगिस्तानी इलाका थर्रा गया। दूर-दूर तक रेत के गुबार उड़ते नजर आए। इसमें आधुनिक हथियारों के साथ सैनिकों ने आपसी तालमेल का भी बढिय़ा प्रदर्शन किया। सेना की दक्षिणी कमान की बेटल एक्स डिविजन के सैनिकों ने रेगिस्तानी क्षेत्र में युद्ध कौशल में अपनी महारथ को सिद्ध किया। दुश्मन के काल्पनिक ठिकानों को नेस्तनाबूद करते हुए अपने हौसलों का परिचय दिया। इसी तरह से अपनी ताकत व दमखम का भी प्रदर्शन किया।

Hindi News/ Jaisalmer / सेना के शौर्य और पराक्रम से गूंजी फायरिंग रेंज

ट्रेंडिंग वीडियो