
गरीबदास महाराज के आश्रम में किया सत्संग व भजन कीर्तन
पोकरण. ग्राम पंचायत डिडाणिया के सुथारों की बेरी स्थित गरीबदास महाराज के आश्रम में शनिवार को विभिन्न धार्मिक अनुुष्ठानों का आयोजन किया गया। सामाजिक कार्यकर्ता गौरीशंकर जोशी ने बताया कि सुथारों की बेरी पर वर्षों पुराना गरीबदास महाराज का आश्रम स्थित है। साथ ही यहां एक वर्षों पुराना कुंआ भी है। जिसका जल स्तर कभी कम नहीं होता है और क्षेत्र के लोग इसे चमत्कारी बेरी भी मानते है। आश्रम में शनिवार को सुबह संत दीपक साहेब व बापू मूलदास योगी के सानिध्य में विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान संत गिरधारी साहेब को दीक्षा दिलाई गई। संत गिरधारी साहेब ने गृहस्थ जीवन त्यागकर भगवा धारण किया और सन्यास आश्रम शुरू किया। इस दौरान उपस्थित संतों व श्रद्धालुओं ने उनका अभिनंदन कर आशीर्वाद लिया। साथ ही आश्रम में पूजन कर क्षेत्र में अमन, चैन व खुशहाली के लिए प्रार्थना की गई। संत मूलदास योगी व दीपक साहेब ने प्रवचन करते हुए श्रद्धालुओं को धर्म के मार्ग पर चलने, गरीब व पीडि़त की सहायता करने, धर्म की रक्षा करने, गोसेवा करने का आह्वान किया। इस मौके पर पूर्व विधायक शैतानसिंह राठौड़, शंकरलाल सोनी, खेताराम माली, भंवरलाल, अमृतलाल माली, रामेश्वर, शंकरसिंह, कालूसिंह, भोमाराम सुथार, मूलाराम प्रजापत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
भजन संध्या में रही भीड़
सामाजिक कार्यकर्ता जोशी ने बताया कि आश्रम में शाम के समय मुख्य यजमान अंबालाल नागल कोटड़ी की ओर से विधि विधान से पूजा-अर्चना करवाई गई। इसके बाद प्रसादी का वितरण किया गया। इसमें राजपूत सेवा समिति के अध्यक्ष बलवंतसिंह जोधा, भाजपा सांकड़ा मंडल महामंत्री मेघसिंह जैमला, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष उम्मेदसिंह झलोड़ा के साथ ही डिडाणिया, मोराणी ग्राम पंचायत क्षेत्रों सहित आसपास गांवों एवं पोकरण कस्बे से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। रात 10 बजे बाद भजन संध्या का आयोजन किया गया। जिसमें राजेन्द्र राठौड़, पवनकुमार पालीवाल व हंसपुरी ने भजनों की प्रस्तुतियां दी। जिस पर उपस्थित श्रोता भाव विभोर होकर झूमने लगे।
Published on:
16 Jul 2023 08:12 pm

