वर व वधू की निकली अलग-अलग बंदोली
सामूहिक विवाह कार्यक्रम का शुक्रवार को सुबह बंदोली के साथ आगाज किया गया, जिसके अंतर्गत पहले 8 वधुओं को घोड़ी पर बिठाकर उनकी बंदोली निकाली गई। रामदेवरा गांव में रेलवे स्टेशन रोड स्थित माली समाज धर्मशाला से ब्राह्मण स्वर्णकार समाज की धर्मशाला तक बंदोली निकाली गई। गांव में निकली वधु पक्ष की बंदोली स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र बनी रही। इसके बाद वर पक्ष की ओर से 8 दुल्हों को घोडिय़ों पर बिठाकर बंदोली निकाली गई, जो माली समाज धर्मशाला से ब्राह्मण स्वर्णकार धर्मशाला पहुंची। यहां पहुंचने पर उपस्थित समाज के सैंकड़ों लोगों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। बंदोली के बाद तोरण सामेला कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
8 जोड़े बंधे दाम्पत्य सूत्र में
अखिल भारतीय श्रीब्राह्मण स्वर्णकार बाबा रामदेव सामूहिक विवाह समिति के अध्यक्ष जगदीश कट्टा फलोदी ने बताया कि गत सात माह में कार्यकारिणी में शामिल लोगों ने देश के कोने-कोने में जाकर समाज के लोगों से संपर्क किया तथा सामूहिक विवाह के बारे में जानकारी दी। विवाह योग्य 8 जोड़ो का पंजीयन किया गया, जिन्होंने शुक्रवार को आयोजित सामूहिक विवाह समारोह के दौरान परिणय सूत्र में बंधकर जन्म-जन्मांतर तक साथ निभाने का संकल्प लिया।