टांके में गिरने से विवाहिता की मौत, परिजन ने लगाया हत्या का आरोप
जैसलमेर/मोहनगढ़. मोहनगढ़ के नहरी क्षेत्र में रविवार रात टांके में गिरने से विवाहिता की मौत के बाद मंगलवार शाम तक शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया। दिनभर मोहनगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ग्रामीणों की भीड़ लगी रही। वहीं नाचना वृत्ताधिकारी विनोद कुमार व मोहनगढ़ पुलिस थाना प्रभारी शंकर लाल भी मय जाब्ते के मौजूद रहे। मृतका का पोस्टमार्टम करवाने के लिए पीहर पक्ष के लोगों के साथ मोहनगढ़ के मौजीजों ने समझाईश का प्रयास भी किया, लेकिन पीहर पक्ष हत्या का आरोप लगाते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग पर अड़ा रहा। उन्होंने इसके अलावा मोहनगढ़ के चिकित्सकों से पोस्टमार्टम नहीं करवाने की भी बात कही। मंगलवार को दिन भर पोस्टमार्टम करवाने को लेकर संशय बना रहा। पीहर पक्ष कभी तो मेडिकल बोर्ड से मोस्टमार्टम करवाने की बात कह रहा था तो कभी जैसलमेर ले जाकर पोस्टमार्टम करवाने की बात कहते नजर आए।
पुलिस जाब्ता भी रहा मौजूद
मोहनगढ़ के नहरी क्षेत्र में आए 20 तूली माइनर में रेवा पत्नी पुरखाराम मेघवाल निवासी रामपुरा मोहनगढ़ का शव रविवार रात को खेत में बने एक टांके में मिला था। सूचना पर नाचना वृत्ताधिकारी विनोद कुमार व मोहनगढ़ पुलिस भी मौके पर पहुंची। जहां मृतका के शव को टांके से निकलवा मोहनगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया गया।