
1 जुलाई को खुलेंगे भादरियाराय माता मंदिर के दरबार
लाठी. क्षेत्र के भादरिया गांव में स्थित प्रसिद्ध भादरियाराय माता मंदिर के द्वार आम श्रद्धालुओं के लिए एक जुलाई को खोल दिए जाएंगे तथा सरकार की गाइडलाइन के अनुसार श्रद्धालुओं को दर्शन करवाने की व्यवस्था की जाएगी। गौरतलब है कि भादरिया गांव में प्रसिद्ध भादरियाराय माता मंदिर स्थित है। इसके साथ यहां संत हरवंशसिंह निर्मल उर्फ भादरिया महाराज की समाधि, विश्व प्रसिद्ध पुस्तकालय भी स्थित है। कोरोना संक्रमण की महामारी के कारण गत 17 अप्रेल को प्रदेश के सभी धार्मिक स्थलों को श्रद्धालुओं के दर्शनों के लिए बंद कर दिया गया था। गत दिनों राज्य सरकार की ओर से नई गाइडलाइन जारी करते हुए धार्मिक स्थलों को खोलने की अनुमति दे दी गई है। इसी के अंतर्गत भादरिया गांव में स्थित मंदिर भी एक जुलाई को खोल दिया जाएगा। जिससे श्रद्धालुओं के साथ यहां बैठे दुकानदारों के चेहरों पर भी खुशी छा गई है। जगदम्बा सेवा समिति के सचिव जुगलकिशोर आसेरा ने बताया कि जिला प्रशासन से बातचीत कर ली गई है। एक जुलाई को मंदिर खोल दिया जाएगा।
मंदिर परिसर में किया छिड़काव
राज्य सरकार की ओर से धार्मिक स्थल खोलने के दौरान गाइडलाइन की पालना करने के आदेश दिए गए है। इसी के अंतर्गत मंगलवार को मंदिर परिसर व आसपास क्षेत्र में हाइपोक्लोराइड का छिड़काव किया गया। साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग के लिए छह-छह फीट की दूरी पर गोल घेरे भी बनाए गए।
Published on:
30 Jun 2021 01:38 pm

