
लाठी. खेत में फसलों के ऊपर गिरी विद्युत तार।
पोकरण. लाठी क्षेत्र के सोढ़ाकोर जीएसएस के अंतर्गत आने वाले बापीराय फीडर में गत एक सप्ताह से विद्युत आपूर्ति बंद पड़ी है। जिसके कारण किसानों व ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। जबकि जिम्मेदारों की ओर से विद्युत आपूर्ति सुचारु करने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। जिससे लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। गौरतलब है कि बापीराय फीडर में सोढ़ाकोर गांव में स्थित जीएसएस से विद्युत आपूर्ति की जाती है। एक सप्ताह पूर्व तेज आंधी तूफान व बारिश के दौरान सोढ़ाकोर गांव के पास विद्युत पोल व तारें टूटकर गिर गई। जिसके कारण विद्युत आपूर्ति बंद पड़ी है। एक सप्ताह बाद भी न तो विद्युत आपूर्ति सुचारु की जा रही है, न ही विद्युत पोल व तारों को ठीक किया गया है। इस फीडर से 100 से अधिक नलकूप जुड़े हुए है। विद्युत आपूर्ति बंद होने से किसानों के नलकूप बंद पड़े है। जिसके कारण बुआई की गई फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही है और उनके जलने का खतरा बना हुआ है। इसी प्रकार विद्युत आपूर्ति बंद होने से ग्रामीणों को भी भीषण गर्मी के मौसम में परेशानी हो रही है। इसके अलावा गिरे पोलों व तारों के कारण हादसे का भी भय बना हुआ है। गांव के दीपसिंह भाटी, अभयसिंह, विजयसिंह, डूंगरसिंह, भीमसिंह, चंदनसिंह सहित किसानों ने बताया कि डिस्कॉम के अधिकारियों को लगातार एक सप्ताह से अवगत करवाया जा रहा है, लेकिन बिजली सुचारु करने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। जिससे रोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने बताया कि यदि विद्युत पोलों व तारों को ठीक कर बिजली आपूर्ति शीघ्र सुचारु नहीं की जाती है तो उनकी ओर से विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
Updated on:
4 Jul 2023, 7:47 PM IST
Published on:
4 Jul 2023, 7:47 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.