जालोर

नीम हकीमों का फैल रहा जाल, खतरे में लोगों की जान

जन स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहे नीम हकीम

2 min read
Feb 06, 2018
Neem Hakim in Jalore District

जालोर. ग्रामीण क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं का अभाव नीम-हकीमों को शह दे रहा है।गांवों में इनका जाल सा फैला हुआ है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग मूकदर्शक ही है।सुविधाओं के अभाव में लोग उपचार के लिए नीम-हकीमों पर निर्भर है। इसलिए कि गांव में ही सस्ती दरों पर परामर्श एवं कम दामों में दवाइयां मिल जाती है।ऐसे में जान जोखिम में होने के बावजूद लोग इनके पास जाना पसंद करते हैं। कई लोग गांवों में स्वास्थ्य सुविधा नहीं होने से मजबूरी में भी इनके पास जाते हैं। उधर, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य महकमा न तो गांवों में स्वास्थ्य सुविधाएं बहाल कर रहा है और न ही नीम-हकीमों के खिलाफ कार्रवाई हो रही है।विभागीय उदासीनता में नीम-हकीमों का जाल दिन ब दिन फैल रहा है।
लापरवाही सामने आई
हाल ही में इस तरह के दो मामले सामने आ चुके हैं।इसमें से एक फर्जी डॉक्टर के यहां कार्रवाईके दौरान भरी महिला उपचाररत मिली।अन्य एक जगह उपचार के दौरान महिला की मौत हो जाने पर परिजनों ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया।दोनों ही मामलों में प्रथमदृष्टया इन फर्जी डॉक्टरों की लापरवाही सामने आई।
शिकायत की बाट जोह रहे अधिकारी
6 अगस्त, 2017 को जालोर आए चिकित्सा मंत्री कालीचरण सर्राफ के सामने भी नीम-हकीमों का मुद्दा उठा था, लेकिन अभी तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई।पत्रकार वार्ता में नीम-हकीमों पर कार्रवाई का सवाल पूछे जाने पर जवाब मिला कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाती है, लेकिन लम्बे समय से ऐसी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। संभवतया अधिकारियों को अब भी शिकायत का ही इंतजार है।
केस-एक
विभाग ने १२ जनवरी को ब्लॉक स्तरीय टीम गठित कर आकोली गांव में खैराजराम रैगर के क्लीनिक पर छापा मारा। कार्रवाई से पहले ही वह भाग चुका था, लेकिन क्लीनिक में एक महिला उपचाररत मिली। उसके ड्रिप लगी हुई थी। टीम में शामिल डॉक्टर ने ही उसकी ड्रिप निकाली। बीसीएमओ रतनलाल ने उसके खिलाफ पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया।
केस-दो
आहोर थाना क्षेत्र के हरजी गांव में पांडगरा निवासी वीसाराम मेघवाल के क्लीनिक में महिला का उपचार करवाया गया।दवा का ज्यादा डॉज देने से महिला को रिएक्शन हो गया, जिस पर परिजन उसे अहमदाबाद ले गए। वहां चिकित्सकों ने उन दवाइयों को हानिकारक बताया।बाद में महिला की मौत हो गई। इस सम्बंध में परिजनों ने पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है।
जल्द करेंगे कार्रवाई...
जन स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।नीम-हकीमों के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्लानिंग बना रहे हैं जल्द ही परिणाम सामने आएंगे।
-डॉ.बीएल बिश्नोई, सीएमएचओ, जालोर

Published on:
06 Feb 2018 10:55 am
Also Read
View All

अगली खबर