स्वास्थ्य बीमा में लोगों की नहीं दिख रही रुचि

केन्द्र सरकार द्वारा देश में हो रही दुर्घटनाओं में शारीरिक क्षति सहित अकाल मौतों से लोगों को आर्थिक सुरक्षा देने के लिए बीमा योजनाएं संचालित की जा रही है,

2 min read
Apr 18, 2016
People do not seem interested in health insurance
जांजगीर-चांपा.
केन्द्र सरकार द्वारा देश में हो रही दुर्घटनाओं में शारीरिक क्षति सहित अकाल मौतों से लोगों को आर्थिक सुरक्षा देने के लिए बीमा योजनाएं संचालित की जा रही है, लेकिन बीमा योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों को नहीं मिल पा रहा है। जिले में महज बीस फीसदी लोगों ने ही योजना का लाभ उठाया है।जिले में संचालित बैंकों में 12 रुपए प्रति वर्ष प्रीमियम पर दुर्घटना बीमा की सुविधा है। बीमा के बाद दुर्घटना में मृत्यु होने पर दो लाख रुपए व अपंगता की स्थिति में एक लाख रुपए दिए जाने की योजना है। इसी तरह प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एक सावधि जीवन बीमा पॉलिसी है।


इसका सालाना आधार पर या लंबी अवधि के लिए नवीनीकरण किया जा सकता है। पॉलिसीधारक की मौत होने पर परिजनों को 2 लाख रुपए देने की योजना है। पॉलिसीधारक को सालाना 330 रुपए का भुगतान कर बीमा योजना का लाभ मिलता है। यह राशि हर साल उनके बैंक खाते से काटा जाता है। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में जोखिम कवर दो लाख रुपए है। पॉलिसी एक साल से ज्यादा अवधि के लिए ली गई तो जितने साल के लिए यह पॉलिसी ली गई है, उतने साल तक हर साल संबंधित बैंक खाते से पैसा काट लिया जाएगा।


इसी तहर अटल पेंशन योजनान्तर्गत व्यक्ति को अपने बुढापे की उम्र में पेंशन योजना का लाभ मुहैया कराया जाना है, लेकिन जिले में संचालित राष्ट्रीयकृत बैंकों द्वारा केन्द्र सरकार की विभिन्न योजना का प्रचार प्रसार नहीं किया जा रहा है। ऐसे में जिले में अधिकांश लोगों को योजनाओं का बेहतर लाभ नहीं मिल रहा है। जिले में बैंकों की उदासीनता के चलते अब तक आबादी का लगभग 20 प्रतिशत लोगों ने योजना का लाभ लिया है। जिले में 15 मार्च 2016 तक प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 3 लाख 83 हजार 849 लोगों ने आवेदन किया है। इनमें से 14 हजार 500 आवदेन विभिन्न कारणों से निरस्त किए गए और 3 लाख 69 हजार 331 आवेदकों का बीमा किया गया।


इसी तरह प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना के तहत जिले में संचालित विभिन्न बैंकों में 29 हजार 967 आवेदकों ने बीमा योजना के तहत आवेदन किया, इनमें से बैंकों द्वारा 1 हजार 664 आवेदन को निरस्त किया गया और 28 हजार 285 बीमाधारकों का खाता बैंकों द्वारा खोला गया। वहीं 6 प्रकरण विभिन्न बैंकों में लंबित है। अटल पेंशन योजना के तहत विभिन्न बैंकों में 1 हजार 329 हितग्राहियों ने आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन में बैंकों द्वारा 2 खाताधारकों का आवेदन निरस्त किया गया और 1 हजार 327 लोगों को योजना लाभ मिलेगा। ऐसे में जिले की बड़ी आबादी अब भी महत्वपूर्ण योजनाओं से वंचित है।


हर माह समीक्षा

जिले में संचालित बैंकों को विभिन्न बीमा योजनाओं के तहत ज्यादा से ज्यादा बीमा करने का निर्देश दिया गया। बीमा योजनाओं के प्रगति की हर माह समीक्षा होती है। कलेक्टर के निर्देशन में ज्यादा से ज्यादा लोगों को बीमा योजनाओं का लाभ दिलाने प्रयास जारी है।

भीमसेन नामदेव, लीड बैंक प्रबंधक
Published on:
18 Apr 2016 05:28 pm
Also Read
View All

अगली खबर