कानपुर इलाहाबाद, बनारस के साथ ही बिहार, बंगाल, कराची, लाहौर, मंदसौर, मारवाड़, काठियावाड़, मुर्शिदाबाद के व्यापारी बड़ी तादाद में रहस्यमय परिस्थितियों में अपने पूरे की पूरे काफिलों के साथ गायब हो जाते थे। लखनऊ कानपुर, बनारस की खूबसूरत तवायफ हों, डोली में बैठकर ससुराल जाती नई नवेली दुल्हनें या फिर बंगाल से इलाहाबाद और बनारस की तीर्थयात्रा पर आने वाले दल, सभी रास्ते से गायब हो रहे थे। पुलिस की फाइलें लगातार गायब हो रहे लोगों की शिकायतों से बढ़ती जा रही थीं। लेकिन अंग्रेज अफसर चाहकर भी कुछ नहीं कर पा रहे थे।