जी हां! अब 4-जी के बाद 2019 तक भारत में 5-जी टेक्नोलॉजी भी आ जाएगी। इसके लिए आईआईटी हैदराबाद, मद्रास, मुंबई, पटना, दिल्ली व आईआईएससी बेंगलुरू के विशेषज्ञ संयुक्त रूप से काम कर रहे हैं। यह जानकारी आईआईटी हैदराबाद के निदेशक प्रो. उदय बी. देसाई ने दी। मौका था आईआईटी कानपुर के स्थापना दिवस का। समारोह में आए प्रो. देसाई ने बुधवार को बताया कि 5-जी तकनीक पर संयुक्त रूप से काम चल रहा है। यह सेवा काफी तेज होगी, साथ ही इसमें एनर्जी भी कम लगेगी। मिनिस्ट्री ऑफ इलेक्ट्रानिक्स एंड इन्फार्मेशन टेक्नोलॉजी से इस तकनीक पर काम के लिए 15 करोड़ मिल चुके हैं। समारोह में उन्होंने बताया की इस समय 5-जी के लिए टेस्ट बेड बनाने का काम चल रहा है। इसके परिणाम जल्द ही सबके सामने होंगे। श्री देसाई ने कहा कि इंटरनेट ऑफ थिंग्स तकनीक से स्मार्ट घर बनाने पर भी शोध चल रहा है। आईआईटी हैदराबाद इस पर काम कर रहा है। इसमें घर की सभी व्यवस्थाएं व उपकरण फोन से संचालित हो सकेंगे। तो अब 5-जी के इंतज़ार जल्द ही खत्म होने वाला है। जल्द ही नेट की स्पीड बढ़ने वाली है।