No video available
हिण्डौनसिटी. अयोध्या में श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ के अवसर पर भायलापुरा स्थित हनुमान मंदिर पर बुधवार से सवा लाख हनुमान चालीसा का अखंड पाठ किया जाएगा। 21 दिन तक चलने वाले इस जन अनुष्ठान का मंगलवार को कलश यात्रा व हनुमानजी की शोभायात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा में भगवान श्रीराम और हनुमानजी की भजनों की स्वर लहरियों व जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया।
भायलापुरा हनुमान भक्त मंडल की ओर से सुबह हाइस्कूल के पास स्थित कंबलवाल बगीची से कलश यात्रा और शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें सैकड़ों महिलाएं सिर पर कलश धारण व पुरुष धर्म ध्वजाएं लेकर चल रहे थे। भजनों पर नृत्य करते श्रद्धालुओं से माहौल रामजी व हनुमानजी की भक्ति से ओतप्रोत हो गया। बग्घी में बालाजी की तस्वीर विराजित कर मंदिर के पंडि़त राजू महाराज व भागवताचार्य शंभुदयाल शास्त्री बैठे। बगीची ने निकल कलश यात्रा डीएसपी कार्यालय, सदर थाना, डेम्परोड चौराहा, सब्जीमंडी होते हुए भायलापुरा स्थित हनुमानजी मंदिर पहुंची। रास्ते डेम्परोड चौराहे व मोबाइल एसोसिएशन व सब्जी मंडी मेंं बाजार के दुकानदारों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। मंदिर में कलश यात्रा के पहुंचने पर प्रसादी का वितरण किया गया। साथ ही अन्य पूजा कार्यक्रम शुरू हुए।
अभिषेक कर चढ़ाया चांदी का चौला
राजू पंडित ने बताया कि यात्रा के बाद कलशों के जल को एक ड्रम में संकलित किया गया। बाद में वेद मंत्रोच्चार से हनुमानजी की प्रतिमा का जलाभिषेक व पंचामृत अभिषेक किया गया। साथ ही सिंदूर लगा कर चांदी के वर्क से चौला चढ़ाया गया।
प्रति दिन होंगे 6 हजार पाठ
भक्त मंडल के आकाश पांडेय, सुशील व गोलू ने बताया कि बुधवार सुबह 8 बजे से हनुमान चालीसा का अखंड पाठ शुरू हो गया। 21 दिवसीय कार्यक्रम में प्रतिदिन 6 हजार हनुमान चालीसा पाठ किए जाएंगे। इसकी गणना के लिए मंदिर में रिकॉर्ड संधारित किया जाएगा। हनुमान चालीसा पाठ के लिए शहर व गांवों से लोग मंदिर पहुंचेंगे।