हिण्डौनसिटी. नादौती इलाके में कुएं में युवती का शव मिलने का मामला शुक्रवार को तूल पकड़ गया। प्रकरण को लेकर यहां के राजकीय चिकित्सालय में सांसद डॉ. किरोडी लाल मीणा के नेतृत्व में चल रहा धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। दोपहर में प्रदेश भाजपा की ओर से गठित तीन सदस्यीय कमेटी ने पीडि़ता के परिजनों को साथ लेकर उपखण्ड अधिकारी कार्यालय में कलक्टर अंकित कुमार सिंह व एसपी ममता गुप्ता से वार्ता की। कमेटी में शामिल राजसमंद सांसद दीया कुमारी, भरतपुर सांसद रंजीता कोली व राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुमन शर्मा ने युवती शव मिलने के दो दिन बाद भी आरोपियों का सुराग नहीं लगने व दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर असंतोष जाहिर किया। इससे पहले कमेटी सदस्यों ने मृतका की मां से मिलकर ढांढस बंधाया और मोर्चरी में पहुंच युवती के शव को देखा। दोपहर बाद राज्य महिला आयोग की चेयरमैन रेहाना रियाज ने भी चिकित्सालय परिसर में सांसद किरोड़ीलाल के नेतृत्व दिए जा रहे धरना पर पहुंच मृतका की मां से मुलाकात की। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष घनश्याम मेहर, जिलाध्यक्ष शिवराज मीणा व पंचायत समिति प्रधान विनोद जाटव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल धरना स्थल पर पहुंचा, लेकिन धरना स्थन पर मौजूद लोगों ने उन्हें पीडि़त परिवार से बात करने नहींं दी, ऐसे में कांग्रेस का प्रतिनिधि मंडल कुछ देर में ही लौट गया।
इधर चिकित्सालय परिसर में आम आदमी पार्टी, जाटव समाज की ओर से अलग-अलग धरना दिया। जाटव समाज के लोग पीडि़ता को डॉ. किरोडी लाल के धरना स्थल से अपने पाण्डाल में बुलाने का प्रयास करते रहे। शाम को बहुजन समाज पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजी गौतम, प्रदेश प्रभारी सुमरत सिंह जहाजी, प्रदेशाध्यक्ष भगवानसिंह बाबा समेत कई पदाधिकारी चिकित्सालय में धरना स्थल पर पहुंचे। लेकिन मृतका की मां से मिल नहीं सके। बाद में बसपा नेताओं ने जाटव बगीची में पहुंच पत्रकार वार्ता की। इस दौरान बाहर बयाना मार्ग पर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। गौरतलब है कि दो दिन पहले लापता हुई 19 वर्षीय युवती का शव 13 जुलाई को नादौती क्षेत्र के एक कुएं में मिला था। शव को पोस्टमार्टम के लिए हिण्डौन लाया गया। युवती के सीने से गोली निकली और चेहरा झुलसा हुआ था। मामले में गैंगरेप के बाद हत्या कर शव कुएं में डालने का आरोप लगाया है। मामले को तूल पकड़ता देख सुबह से ही चिकित्सालय परिसर व आस-पास पुलिस जाप्ता तैनात रहा।
रात को फिर हुआ पोस्टमार्टम
मृतका के शव का गुरुवार देर शाम पोस्टमार्टम हुआ। इसके बाद करौली से आई चिकित्सकों की टीम ने फिर से पोस्टमार्टम किया। जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई। रात 12.30 बजे कलक्टर व एसपी ने धरना स्थल पर सांसद डॉ. किरोड़ी मीना से मुलाकात की। शव पोस्टमार्टम होने के बाद राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखा हुआ है।
यह बोले अधिकारी
जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह ने बताया कि भाजपा के प्रतिनिधि मंडल से चर्चा हुई। अभी सभी मांगों पर सहमति नहीं बन सकी है। वहीं एसपी ममता गुप्ता ने बताया कि रात को प्रकरण दर्ज कर लिया है। अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। एफआईआर दर्ज करने में देरी के आरोप की जांच कराई जाएगी।
आज आएंगे भाजपा प्रदेश प्रभारी-
नादौती प्रकरण को भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह शुक्रवार दोपहर 12 बजे हिण्डौन आएंगे। जिलाध्यक्ष बृजलाल डिकोलिया ने बताया कि प्रदेश प्रभारी यहां राजकीय चिकित्सालय में चल रहे धरने में शामिल होंगे। साथ ही मामले की रिपोर्ट लेंगे।
जयपुर में डीजीपी से मिलेगी कमेटी-
एसडीओ कार्यालय में कलक्टर व एसपी से डेढ़ घंटे से अधिक समय की वार्ता के बाद कमेटी सदस्यों ने कहा कि मामले में पुलिस की बड़ी अनदेखी सामने आई है। सांसद दीया कुमार ने कहा कि दो दिन बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अगर संबंधित थाना की पुलिस समय पर पीडित परिवार की सुनवाई कर लेती तो शायद घटना नहीं होती। मामले में पूरा थाना ही निलंबित होना चाहिए। वे मामले में अब जयपुर पहुंच डीजीपी से मुलाकात करेंगी। कमेटी के साथ किसान मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी धर्मा डागुर, पूर्व विधायक राजकुमारी जाटव, भाजपा जिलाध्यक्ष ब्रजलाल डिकोलिया, गीता बेनीवाल, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अंकित शर्मा आदि मौजूद रहे।
कांग्रेस ने कहा घटना पर राजनीति ठीक नहीं
हिण्डौनसिटी. चिकित्सालय में धरना स्थल पर मृतका की मां से बात होने पर कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल एसडीएम कार्यालय पहुंच कलक्टर व एससी से मुलाकात की। और मामले में त्वरित कार्रवाई करने की मांग की। बाद में कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष धनश्याम मेहर ने पीडब्ल्यूडी के डाक बंगला में पत्रकार वार्ता में कहा में घटना को लेकर राजनीति करना उचित नहीें है। अज्ञात आरोपियों के सुराग लगा कर त्वरित गिरफ्तारी और पीडित परिवार को नियमानुसार मदद की जरुरत है।सरकार भी इस मामले को लेकर गंभीर है। मेहर कहा पीडिता की मां से बात करने से रोकने पर सांसद मीणा से उनकी हल्की तकरार भी हुई। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवराज मीणा, पंचायत समिति प्रधान विनोद जाटव,बैरवा महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनोद कुमार बैरवा आदि मौजूद रहे।
सांसद राजोरिया ने सीएम व डीजीपी को भेजा पत्र
क्षेत्रीय सांसद डॉ.मनोज राजौरिया ने नादौती प्रकरण को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और डीजीपी उमेश मिश्रा को पत्र लिखा है। पत्र में सांसद ने मामले में त्वरित कार्यवाही करने और मृतका के परिवार को 50 लाख रूपए का मुआवजा, पीडित परिवार के एक जन को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। साथ ही संबंधित थाना पुलिस पर मामले को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया है।
जाम लगाने का प्रयास चौकस हुई पुलिस
बसपा के सांसद व प्रदेश पदाधिकारियों की जाटव बगीची में बैठक में भीड़ जुटने की सूचना पर पुलिस चौकस हो गई। और आधा दर्जन से अधिक जीपों से पहुंच बडी संख्या में पुलिस जाप्ता तैनात हो गया। इस दौरान बयाना मार्ग पर जाम लगाने का प्रयास कर रहे युवाओं को पुलिस ने सड़क पर आने नहीं दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएस सुरेश हरसोलिया बसपा नेताओं को चिकित्सालय लेकर आए, लेकिन मौके अन्य परिजन मिले, मृतका की मां नहीं मिल सकी।