
घर-घर पहुंचे मतदान दल, मतदाताओं में झलकी खुशी, दो दिन में 738 ने किया मत का प्रयोग
करौली. विधानसभा चुनाव के तहत पहली बार मिल रही होम वोटिंग की सुविधा से मतदताओं में उत्साह है। घर पर ही वोट डालने की उनमें खुशी झलक रही है। होम वोटिंग प्रक्रिया के तहत दूसरे दिन बुधवार को भी मतदान दल चिन्हित किए गए मतदाताओं के घरों पर पहुंचे और वोट डलवाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार सिंह ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में निष्पक्ष चुनाव के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों एवं 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग श्रेणी के विशेष योग्यजन मतदाताओं के लिए प्रदेश में पहली बार विधानसभा आम चुनाव में होम वोटिंग की पहल पर होम वोटिंग कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि बूथ लेवल अधिकारी एवं मतदान दल इस सुविधा का लाभ लेने का विकल्प चुनने वाले पात्र मतदाताओं के घर-घर जाकर होम वोटिंग करा रहे हैं। होम वोटिंग के तहत दो दिन में विधानसभा क्षेत्र करौली में 319 मतदाता, विधानसभा हिंडौन में 162 मतदाता और विधानसभा सपोटरा में 242 मतदाताओं तथा टोडाभीम में 15 मतदाताओं होम वोटिंग सुविधा का लाभ लिया। गौरतलब है कि जिले की चारों विधानसभाओं में 928 पात्र मतदाताओं को होम वोटिंग सुविधा के लिए चिन्हित किया गया है। इनमें करौली विधानसभा में 495, टोडाभीम में 15, सपोटरा में 253 तथा हिंडौन में 165 होम वोटर शामिल हैं। होम वोटिंग की प्रक्रिया 16 नवम्बर तक चलेगी।
85 वर्षीय मिश्री देवी हुईं गद्गद्
निर्वाचन आयोग की ओर से होम वोटिंग की दी गई सुविधा को लेकर मतदाता खुशी जता रहे हैं। विधानसभा क्षेत्र सपोटरा में जोड़लीकापुरा, बूथ नंबर 136 सेक्टर 10 की 85 वर्षीय मिश्री देवी होम वोटिंग की सुविधा पाकर गद्गद् हो गई। मिश्री देवी ने बताया कि चलने फिरने की अक्षमता के कारण कई चुनाव में मतदान नहीं कर सकी। अब घर पर ही वोट की सुविधा से मताधिकार का उपयोग किया है।
Updated on:
15 Nov 2023 07:42 pm
Published on:
15 Nov 2023 07:42 pm
